PM Modi in G20 Summit: जी20 शिखर सम्मेलन (G20 Summit: ) के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) इंडोनेशिया (Indonesia) में हैं। मंगलवार (15 नवंबर, 2022) को उन्होंने बाली (Bali) में भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया सुख-दुख के साथी हैं, जो एक-दूसरे का दुख बांटते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाली के लोगों ने हजारों सालों से परंपरा को जिंदा रखा है और बाली की धरती पर एक अलग अनुभव होता है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “भारत और इंडोनेशिया का साथ सिर्फ सुख का नहीं है। हम सुख-दुख में एक दूसरे के दुख को बांटने वाले हैं। जब 2018 में इंडोनेशिया में बड़ा भूकंप आया तो भारत ने तुरंत ऑपरेशन समुद्र मैत्री शुरू किया था।”
उन्होंने कहा कि जो लोग भारत से यहां आए हैं वे इंडोनेशिया के विकास में भागीदार हैं और सिंधी परिवार ने यहां बेहतरीन काम किया है। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “बाली आने के बाद हर भारतीय को एक अलग ही अनुभूति होती है और मैं भी वही महसूस कर रहा हूं। जिस जगह के साथ भारत का हजारों वर्षों का रिश्ता रहा हो, जिसके बारे में सुनते रहते हो। पीढ़ी दर पीढ़ी उस परंपरा को आगे बढ़ाया पर कभी ओझल नहीं होने दिया।”
उन्होंने कहा, “आज जिस समय मैं आपसे बात कर रहा हूं इसी पल बाली से 1500 किलोमीटर दूर भारत के कटक शहर में महानदी के किनारे बाली यात्रा का महोत्सव चल रहा है।” पीएम ने आगे कहा कि ये महोत्सव भारत और इंडोनेशिया के बीच हजारों वर्षों के ट्रेड संबंधों का जश्न है। उन्होंने कहा कि कोविड के कारण कुछ रूकावट आई थी परन्तु अब बाली यात्रा भव्यता के साथ लाखों लोगों की भागीदारी के साथ मनाया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की बड़ी कंपनियों के सीईओ भारतीय हैं। भारत दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, जो तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दवाओं और वैक्सीन की सप्लाई में भारत सबसे आगे है और 10 में से एक यूनिकॉर्न भारत का होता है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले और बाद के भारत में बहुत बड़ा फर्क है। पीएम ने यह भी कहा कि भारतीय सरकार ने 2014 के बाद गरीबों के लिए 3 करोड़ घर बनाए हैं और अमेरिका की आबादी जितने बैंक खाते खोले गए हैं। इसके साथ ही अमेरिका और यूरोप की आबादी से ढ़ाई गुना ज्यादा कोरोना टीके भारत में लगाए गए।
उन्होंने आगे कहा कि भारत की अंतरिक्ष ताकत देशों के लिए मददगार है और भारत की ब्रह्मोस मिसाइल का आरक्षण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “वन सन, वन वर्ल्ड वन ग्रिड का मंत्र भारत ने दिया और क्लाइमेड चेज से निपटने के लिए LIFE का मंत्र भी हमने ही दिया है। भारत का योग और आर्युवेद पूरी मानवता के लिए तोहफा है। आयुर्वेद को लेकर भारत और इंडोनेशिया के बीच समझौता हुआ है।” उन्होंने कहा कि पूरे विश्व को परिवार मानने की हमारी संस्कृति है।