पाकिस्तान में अरबी भाषा प्रिंट हुआ कुर्ता पहनकर बाहर निकलना एक महिला को भारी पड़ गया। वह अपने पति के साथ एक रेस्टोरेंट में गई थी। जहां कुछ लोग महिला पर ईशनिंदा का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे। यह मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। ईशनिंदा का मतलब –किसी धर्म या मजहब की आस्था का मजाक बनाना माना जाता है। इन लोगों को महिला के कुर्ते पर अरबी भाषा लिखे होने से ऐतराज था, जिसे कुछ लोग कुरान की आयतें भी समझ रहे था। मामला पुलिस बुलाए जाने के बाद शांत हुआ।
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस ने सोशल मीडिया पर इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। जिसमें देखा जा सकता है कि महिला को कुछ लोगों ने घेरा हुआ, वे नारे लगा रहे हैं और महिला अपने हाथों से अपना चेहरा छिपा रही है।
सोशल मीडिया पर एक महिला पुलिस अधिकारी की तारीफ भी की जा रही है जिसे महिला को भीड़ से बाहर ले जाते हुए देखा गया था। पुलिस ने बताया कि महिला अपने पति के साथ खरीदारी के लिए गई थी। उसने एक कुर्ता पहना था जिस पर कुछ शब्द लिखे थे। जब कुछ लोगों ने इसे देखा तो उन्होंने उससे कुर्ता हटाने के लिए कहा। यह जानकारी पंजाब पुलिस के एक्स अकाउंट पर साझा की गई है।
पाकिस्तान की कई जानी-मानी हस्तियों ने एएसपी शहरबानो नकवी की काफी तारीफ की है। जिन्हें भीड़ का सामना मुस्तैदी से करते हुए देखा जा सकता है।
महिला ने मांगी माफी
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद उग्र भीड़ को काबू किया गया और महिला को सुरक्षित वहां से निकाल लिया गया। बाद में महिला को पुलिस स्टेशन ले जाया गया जहां उसने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगी। महिला ने कहा किसी की धार्मिक भावनाओं का अपमान करने का मेरा कोई इरादा नहीं था। मैंने कुर्ता सिर्फ इसलिए खरीदा क्योंकि उसका डिजाइन अच्छा था।