पाकिस्तान में एक बार फिर विदेशी नागरिकों को निशाना बनाया गया है। कराची के मानसेहरा कॉलोनी में एक वाहन पर आत्मघाती हमला किया गया है। इस वाहन में कुल 7 लोग सवार थे जिनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वैन में सवार सभी लोग जापानी नागरिक थे। इस हमले में ड्राइवर और सिक्यूरिटी गार्ड की मौत हो गई है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो हमलावरों को ढेर कर दिया है।

पुलिस ने की हमले की पुष्टि

जापानी नागरिकों पर हुए हमले की पुलिस ने पुष्टि की है। पुलिस ने कहा कि हमले के बाद जापानी नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। पुलिस उनकी सुरक्षा कर रही है। पुलिस ने कहा है कि दो हमलावरों को ढेर कर दिया गया है। पाकिस्तान में इससे पहले भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। ताबिलान और बीएलए पर भी इससे पहले ऐसे हमले करने के आरोप लगे हैं। अलगाववादी उग्रवादी समूह बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी की ओर से भी पाकिस्तान में अटैक किए गए हैं।

पहले चीनी नागरिकों को बनाया था निशाना

पाकिस्तान में इससे पहले चीनी नागरिकों को निशाना बनाया गया था। अप्रैल 2022 में कराची में एक बस पर आतंकी हमला किया हया था। इस हमले में तीन चीनी शिक्षकों समेत एक ड्राइवर की मौत हो गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी बीएलए ने ली थी। इससे पहले अगस्त 2021 में भी ग्वादर में चीनी नागरिकों को शिकार बनाया गया था। इस हमले में दो बच्चों की मौत हुई थी। इससे पहले अप्रैल 2021 में बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा में चीनी राजदूत की मेजबानी कर रहे एक होटल में कार बम विस्फोट हुआ था। इस हमले में भी 5 लोगों की मौत हो गई थी।