पाकिस्तान में तुर्की मूल की एक महिला बाइक सवार को उस वक्त अजीब परिस्थितियों का सामना करना पड़ा जब फल खरीदने के बदले में उसे अपना धर्म साबित करने को कहा गया। दरअसल सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ है। बताया जाता है कि वीडियो पाकिस्तान का है। खबर के मुताबिक पाकिस्तान आई तुर्की की एक महिला बाइक चलाकर फल खरीदने के लिए बाजार पहुंची। इस दौरान दाढ़ी वाले एक शख्स से उसने फलों के दाम पूछे तो जवाब मिला क्या आप मुस्लिम हैं? महिला ने जवाब दिया कि हां वो मुसलमान है। इस पर शख्स ने महिला से उसका धर्म साबित करने के लिए कलमा सुनाने के लिए कहा।

करीब एक मिनट के वीडियो में नजर आ रहा है कि फल बेच रहे शख्स ने महिला से अंग्रेजी में पूछा, ‘क्या आप मुस्लिम हैं?’ महिला ने जवाब दिया कि हां वह मुस्लिम है। शख्स ने कहा, ‘तो पढ़िए अपना कलमा- ला इलाहा इल्लल्लाह मुहम्मदुर्रसूलुल्लाह।’ महिला ने तुरंत कलमा सुना दिया। इसपर नाराज महिला ने पूछा कि क्या वह जानता है कि मुहम्मद क्या हैं? शख्स कहता है कि इस्लाम में उस तरह की ड्रेस पहनने की अनुमति नहीं हो जो तुर्किश महिला ने पहनी है।

शख्स का दावा करता है कि नबी के कहे अनुसार वह इस तरह की ड्रेस नहीं पहन सकती। फल बेचने वाला शख्स कहता है कि आप महिला हैं इसलिए वह ऐसी ड्रेस नहीं पहन सकती हैं। ऐसा इसलिए है चूंकि सभी लोग आपका शरीर देखते हैं। इस्लाम में इसकी अनुमति नहीं। महिला ने शख्स की कुंठित मानसिकता का जवाब देते हुए कहा कि वो बाइक चला रही है इसलिए ऐसी ड्रेस पहनना जरूरी हो जाता है। महिला ने कहा कोई उनका शरीर नहीं देखता है। वीडियो में नजर आ रहा है कि महिला राइडर फल बिना खरीदे ही वहां चली जाती है।

उल्लेखनीय है कि वीडियो Rabwah Times ने अपने ट्विटर अकाउंट पर भी शेयर किया है। दावा किया गया कि तुर्किश महिला बाइकर असिल ओजबे से पाकिस्तानी फल विक्रेता ने उनका धर्म साबित करने के लिए कलमा पढ़ने को कहा। वायरल वीडियो पर कई यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी हैं।

एक यूजर ने लिखा, ‘ये पूछना वाला वो शख्स कौन होता है।’ एक अन्य यूजर खुर्रम ने शख्स का समर्थन करते हुए कहा, ‘फल विक्रेता ने अच्छा काम किया। उसे अच्छी जानकारी है। महिलाओं को अंग प्रदर्शन नहीं करना चाहिए।’ एक अन्य यूजर ने लिखा कि पाकिस्तानी खुद इस तरह के मौलवियों को पसंद नहीं कते हैं। ऐसे लोग मुश्किल से हमारी आबादी का तीन फीसदी हैं।