पाकिस्तान में आज संसदीय चुनाव के लिए मतदान कराए जाएंगे। चुनावी प्रक्रिया पर 100 विदेशी पर्यवेक्षक नजर रख रहे हैं। 90600 से अधिक पोलिंग स्टेशनों पर वोटिंग होगी। 12.8 करोड़ से अधिक मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। इस बार मुख्य मुकाबला नवाज शरीफ की पीएमएल-एन, बिलावल भुट्टो जरदारी की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी, इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ और दूसरी क्षेत्रीय पार्टियों के बीच होगा। इमरान खान के सत्ता से बाहर होने के बाद से ही पाकिस्तान आर्थिक और राजनीतिक संकट से जूझ रहा है। हालांकि इमरान के जेल में होने से नवाज शरीफ की पार्टी को इसका फायदा मिल रहा है। पाकिस्तान में चुनाव के दौरान मोबाइल सर्विस सस्पेंड कर दी गई है।

विदेशी पर्यवेक्षकों की नजर

पाकिस्तान चुनाव आयोग के मुताबिक 100 से ज्यादा विदेशी पर्यवेक्षक व विदेशी पत्रकार चुनाव कवर करने आए हैं। बलूचिस्तान के इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस बार चुनाव में 12.85 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग करेंगे। नेशनल असेंबली सीटों के लिए 5121 उम्मीदवारों में से कुल 12,85,85,760 पंजीकृत मतदाता वोट देने के पात्र हैं। चुनाव के लिए 6.50 लाख सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। देशभर में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। पाकिस्तान के अस्पतालों को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए 7 से 9 फरवरी तक हाई अलर्ट पर रखा गया है।

कब आएंगे नतीजे

पाकिस्तान में चुनाव परिणाम के नतीजे वोटिंग 9 फरवरी तक आ आएंगे। शाम 5 पांच बजे तक वोटिंग जारी रहेगी। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। साल 2017 के पाकिस्तानी चुनाव एक्ट के मुताबिक जिस दिन वोटिंग होती है, उसी दिन रात 2 बजे तक रिजल्ट जारी करना होता है। अगर किसी वजह से पोलिंग अधिकारी गिनती करने में देरी करते हैं तो इस बात की जानकारी वहां के चुनाव आयोग को दी जाती है। पाकिस्तान में बैलेट पेपर के जरिए चुनाव होता है। इस बार आम चुनाव के लिए कुल 26 करोड़ बैलेट पेपर छापे गए हैं।

पंजाब प्रांत में सबसे अधिक मतदाता

पाकिस्तान के चुनाव आयोग के मुताबिक सबसे अधिक मतदाता पंजाब प्रांत में हैं। यहां कुल 7 करोड़ 32 लाख 7 हजार 896 रजिस्टर्ड वोटर हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर सिंध प्रांत है जहां 2 करोड़ 69 लाख 94 हजार 769 वोटर है। वहीं खैबर पख्तूनख्वा में 2 करोड़ 19 लाख 28 हजार 119 वोटर, बलूचिस्तान में 53 लाख 71 हजार 947 वोटर और राजधानी इस्लामाबाद में 10 लाख 83 हजार 029 वोटर हैं। इस बार पाकिस्तान में कुछ इलाकों में हिंसा की भी आशंका है। ऐसे में यहां वोटिंग प्रतिशत कम रहने की आशंका जताई जा रही है।