पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में विद्रोहियों ने बड़े हमले को अंजाम दिया है। विद्रोहियों ने मंगलवार को दक्षिण पश्चिमी इलाके में पुलिस स्टेशन पर हमला कर दिया। इसके अलावा उन्होंने दो बैंकों में आग लगा दी जिसमें एक लड़के की मौत हो गई। इस हमले में 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी विद्रोही बंदूक और रॉकेट लॉन्चरों से लैस थे।

बलूच लिबरेशन आर्मी ने किया हमला?

सरकारी अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने बलूचिस्तान प्रांत के एक जिले मस्तुंग में हमले के दौरान नागरिकों पर अंधाधुंध गोलीबारी भी की और इसमें एक लड़के की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि सुरक्षाबलों के साथ विद्रोहियों की मुठभेड़ हुई, जिसमें कई मारे गए। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने कहा है कि हमलावरों का पीछा करने के लिए सुरक्षा अभियान शुरू किया गया है। अभी तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि माना जा रहा है कि बलूच लिबरेशन आर्मी का हाथ इस हमले के पीछे है।

हमले के बाद मस्तुंग में मौजूद तहसील कार्यालय जलता हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि कई सरकारी इमारतों को इस हमले में नुकसान पहुंचा है। बता दें कि 31 मई को भी बलूच विद्रोहियों ने पुलिस थाने और सरकारी कार्यालय को जलाया था। इस दौरान भी उनकी सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ हुई थी।

‘धंधा बंद करके छोड़ना पड़ेगा अमेरिका’, दुनिया के सबसे अमीर शख्स को डोनाल्ड ट्रंप ने दे दी इतनी बड़ी धमकी

बलूचिस्तान में विद्रोही, जो पहले कम स्तर के विद्रोह में लगे हुए थे, उन्होंने हाल ही में अपने हमलों को तेज कर दिया है। बलूचिस्तान के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने एक बयान में कहा, “सुरक्षा बलों और विद्रोहियों के बीच भीषण गोलीबारी में दो विद्रोही मारे गए, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।”

बता दें कि बलोच विद्रोही लंबे समय से पाकिस्तान सरकार के खिलाफ अपना अभियान चला रहे हैं। वह लगातार पाकिस्तान से आजादी की भी बात करते रहते हैं। कई बलोच नेताओं को पाकिस्तान सेना ने गिरफ्तार भी किया है और उनके खिलाफ अत्याचार भी होता रहा है।