नेपाल में अंतरिम सरकार के गठन को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है क्योंकि Gen Z के गुट इस बात पर बंट गए हैं कि सत्ता की अस्थायी बागडोर किसके हाथ में होनी चाहिए। यानी विवाद इस बात को लेकर है कि देश का अंतरिम प्रधानमंत्री कौन होगा। राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने कहा है कि मौजूदा संकट का कोई भी समाधान संविधान के तहत ही निकाला जाना चाहिए। Gen Z प्रदर्शनकारियों के जबरदस्त हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद केपी शर्मा ओली की सरकार की सत्ता से विदाई हो गई थी। खबरों के मुताबिक, सेना मुख्यालय के बाहर Gen Z के दो गुटों में हाथापाई हो गई और इसमें कई लोग घायल हो गए।

नेपाल में Gen Z प्रदर्शनकारियों के द्वारा किए गए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। कर्फ्यू हटते ही लोग जरूरी सामान खरीदने के लिए बाजारों, दुकानों और किराने की दुकानों की ओर निकल पड़े।

Gen Z के प्रदर्शनकारियों के द्वारा अंतरिम सरकार का नेतृत्व करने के लिए पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की, काठमांडू के मेयर बालेंद्र शाह और बिजली बोर्ड के पूर्व सीईओ कुलमन घीसिंग के नाम पर विचार किया जा रहा है।

नेपाल की सेना ने सभी लोगों को घरों के अंदर रहने का आदेश दिया है। इस बीच, विरोध प्रदर्शनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 34 हो गई है। इनमें से 25 लोगों की पहचान हो चुकी है। हिंसक प्रदर्शनों में 1300 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

नेपाल के राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने कहा है कि प्रदर्शनकारियों की मांगों को पूरा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने देश में शांति और सुरक्षा बनाए रखने की अपील की है।

Gen Z प्रदर्शनकारियों ने सरकारी भवनों, प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यालयों सहित बड़े नेताओं के घरों में आग लगा दी थी। एक बड़ा सवाल यह है कि नेपाल इस बड़े आर्थिक नुकसान से कैसे उबरेगा?

Live Updates
13:25 (IST) 10 Sep 2025

नेपाल में हिंसा: राजस्थान पुलिस ने विशेष प्रकोष्ठ बनाया

पड़ोसी देश नेपाल में जारी हिंसक विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर राजस्थान पुलिस ने एक विशेष प्रकोष्ठ बनाया है। नेपाल में फंसे राज्य के लोग और उनके परिजन इससे संपर्क कर सकते हैं। पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि नेपाल में फंसे लोगों की मदद के लिए पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा के निर्देशानुसार मुख्यालय के अतिरिक्त महानिदेशक कानून-व्यवस्था कार्यालय में विशेष प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक गोवर्धन लाल सोकरिया को प्रकोष्ठ का प्रभारी बनाया गया है और इसमें पुलिस अधिकारी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे। जरूरत पड़ने पर इस प्रकोष्ठ के हेल्पलाइन नंबर या व्हॉट्सऐप नंबर से मदद ली जा सकती है।

13:10 (IST) 10 Sep 2025

Nepal Protest LIVE: इसमें कोई अंतरराष्ट्रीय साजिश हो सकती है- श्री श्री रविशंकर

नेपाल की स्थिति पर आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने कहा, “उनके अनुयायी वहां (नेपाल में) बड़ी संख्या में हैं। मैं उनके संपर्क में हूं। युवाओं में निराशा बढ़ती जा रही है लेकिन जब भी कोई आंदोलन होता है, असामाजिक तत्व घुस आते हैं। ऐसा लगता है कि इसमें कोई अंतरराष्ट्रीय साजिश भी हो सकती है।”

12:46 (IST) 10 Sep 2025

नेपाली नागरिकों के भारत में प्रवेश पर प्रतिबंध

भारतीय पुलिस ने नेपाली नागरिकों के भारत में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। गौरीफंटा सीमा पर तैनात भारतीय सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) ने नेपालियों को भारत में प्रवेश करने से रोक दिया है। हालाँकि, भारतीय नागरिकों और राशन कार्ड धारकों को प्रवेश की अनुमति दी गई है। नेपाल लौटने वाले नेपालियों को कड़ी जाँच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

10:55 (IST) 10 Sep 2025
नेपाल में लागू निषेधाज्ञा शाम तक रहेगी प्रभावी

नेपाल सेना ने बुधवार को कहा कि देश में निषेधाज्ञा लागू है और यह शाम 5 बजे तक प्रभावी रहेगी। निषेधाज्ञा के बाद बुधवार शाम छह बजे से लेकर गुरुवार सुबह 6 बजे तक पूरे नेपाल में कर्फ्यू रहेगा। नेपाली मीडिया काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार सेना ने यह निर्णय सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरे का हवाला देकर उठाया है।

10:24 (IST) 10 Sep 2025

नेपाल में उपद्रवियों को सेना की सख्त चेतावनी

नेपाल में जारी तोड़फोड़ और हिंसा के बीच सेना ने चेतावनी दी है कि मौके का फायदा उठाकर आम लोगों और सरकारी प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

09:29 (IST) 10 Sep 2025

सोनौली सीमा से भारतीयों को लाया जा रहा है वापस

उत्तर प्रदेश के महाराजगंज के सोनौली में भारत-नेपाल सीमा पर फंसे भारतीय नागरिकों को एसएसबी की मदद से भारत वापस लाया जा रहा है। नेपाली नागरिकों को मेडिकल इमरजेंसी या अन्य किसी भी आपात स्थिति में पूरी जांच के बाद भारत में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

09:18 (IST) 10 Sep 2025

नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए लखनऊ में सेल स्थापित

नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की मदद के लिए लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यह कक्ष अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) के अधीन कार्य करेगा। नागरिकों की सुविधा के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर और एक व्हाट्सएप नंबर 24 घंटे, सातों दिन सक्रिय रहेंगे, जिन पर सीधे संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है।

08:53 (IST) 10 Sep 2025

नेपाल से लगे यूपी की सीमाओं पर हाई अलर्ट

पड़ोसी देश नेपाल में तनावपूर्ण स्थिति के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपी के डीजीपी राजीव कृष्ण ने नेपाल से सटे उत्तर प्रदेश के सभी सीमावर्ती जिलों में पुलिस को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के आदेश दिए हैं।

08:36 (IST) 10 Sep 2025

नेपाल में लूटपाट और तोड़फोड़ में 26 लोग गिरफ्तार

नेपाली सेना ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में लूटपाट और तोड़फोड़ में शामिल 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार, न्यू बनेशवर में बैंक लूटने के आरोप में पांच लोगों को और बौद्ध इलाके में हिंसक घटनाओं में शामिल 21 अन्य को हिरासत में लिया गया।

08:10 (IST) 10 Sep 2025

नेपाल में देर रात तक सड़कों पर जमे रहे प्रदर्शनकारी

नेपाल में देर रात तक हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर जमे रहे। सभी सड़कों पर जाम लगाने के साथ ही सरकारी सुविधाओं पर धावा बोला। सेना के हेलीकॉप्टरों ने कुछ मंत्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

07:49 (IST) 10 Sep 2025

नेपाल से आने वाली सभी फ्लाइटें कैंसिल

नेपाल से भारत के लिए आने वाली फ़्लाइटें कैंसिल कर दी गई हैं। रोज संचालित होने वाली 250 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुई हैं, जिनमें एयर इंडिया, इंडिगो, दुबई, एयर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइंस जैसी एयरलाइंस शामिल हैं।