नेपाल में एक बड़े सड़क हादसे में बस पलटने से 17 लोगों की मौत हो गई और करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घटना मध्य नेपाल के कावरेपालनचोक जिले में मंगलवार शाम को हुई। कावरेपालनचोक के एसपी चक्रराज जोशी ने एएनआई को बताया, “धार्मिक समारोह से आए लोगों को ले जा रही बस शाम करीब 6.30 बजे (स्थानीय समयानुसार) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कई लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।”
एसपी चक्रराज जोशी के मुताबिक तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि अन्य लोगों की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई। राजधानी काठमांडू से लगभग 90 किमी दूर बेथनचौक ग्राम परिषद के अध्यक्ष भगवान अधिकारी ने बताया कि बीए 3 केएचए 4385 नंबर प्लेट वाली बस शाम के हादसे का शिकार हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया। राहत कार्य में तेजी लाने के लिए बुलडोजर को भी लगाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों का इलाज शीर मेमोरियल अस्पताल और धुलीखेल अस्पताल में चल रहा है। इनमें से कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।
इससे पहले अक्टूबर 2017 में नेपाल के धादिड़ जिले में यात्रियों से खचाखच भरी एक बस के दुर्घटनाग्रस्त होकर नदी में गिर जाने के कारण कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में एक भारतीय महिला भी शामिल थी। धादिड़ पुलिस के मुताबिक काठमांडो से करीब 70 किलोमीटर पश्चिम में घाटबेसी मोड पर बस सुबह करीब पांच बजे दुर्घटनाग्रस्त होकर त्रिशुली नदी में जा गिरी थी। नेपाल सेना के जवानों सहित सुरक्षा बलों और सशस्त्र बलों के जवानों ने पृथ्वी राजमार्ग से लगे दुघर्टनास्थल से नदी से 16 घायल यात्रियों को बाहर निकाला था।
हादसे की वजह खराब दृश्यता को बताया गया था। इसके कारण एक मोड़ पर तेज रफ्तार बस पर नियंत्रण पाने में चालक के असफल रहने के कारण बस पलट गई थी। पुलिस ने बताया कि बस में 52 यात्री यात्रा कर रहे थे।