पाकिस्तानी वित्त मंत्री इशाक डार ने कहा है कि चाहे कितनी भी मुश्किल आ जाए, उनका देश परमाणु कार्यक्रम से पीछे नहीं हटेगा। संसद के उच्च सदन सीनेट में देश के आर्थिक हालात के बारे में बताते हुए इशाक डार ने कहा, ‘हमने इसे (परमाणु कार्यक्रम को) वापस लेने के लिए शुरू नहीं किया है। यह हमारी देश के सुरक्षा का कार्यक्रम है। इसकी हिफाजत हमारा फर्ज है। पाकिस्तान के हर राजनीतिक दल को देश के परमाणु कार्यक्रम की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। हमारा कर्ज सौ अरब या सौ खरब डॉलर क्यों न हो जाए, हम इसे वापस नहीं लेंगे।’
इशाक डार 2008 में वॉल स्ट्रीट जर्नल में छपे एक आर्टिकल का हवाला दे रहे थे। इसमें लेखक ने सुझाव दिया था कि पश्चिमी देश मिल कर सौ अरब डॉलर का आर्थिक पैकेज पाकिस्तान को दे दें और बदले में उसका परमाणु कार्यक्रम खत्म करा दें। एक और आर्टिकल में डर जताया गया था कि बढ़ते कर्ज के मद्देनजर पाकिस्तान को अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता करना पड़ सकता है।