रूस में बदबूदार मोजे उतारने की वजह से चाकू से हमला करने का अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यह घटना बीते रविवार (25 दिसबंर, 2017) की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 31 वर्षीय शख्स ने फ्लाइट में सफर करने के दौरान अपने मोजे उतार दिए थे, जिनमें से काफी बदबू आ रही थी। बदबूदार मोजे उतारे जाने की वजह से बगल में बैठे 54 वर्षीय शख्स को काफी परेशानी होने लगी। उस शख्स ने इस बात का काफी विरोध किया और आखिर में उस पर चाकू से हमला कर दिया।
यह घटना रूस के बाल्टि सी रिसॉर्ट की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि फ्लाइट में मोजे उतारने के बाद से दोनों शख्स के बीच काफी विवाद हुआ। यहां तक कि दोनों पूरे रास्ते बदबूदार मोजों की वजह से झगड़ते रहे। यहां तक कि फ्लाइट की लैंडिंग के बाद भी दोनों शख्स आपस में झगड़ते रहे।
रिपोर्ट के मुताबिक जब दोनों शख्स झगड़ते हुए पार्किंग तक पहुंचे तो 54 वर्षीय शख्स ने 31 वर्षीय शख्स पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी शख्स ने पीड़ित शख्स के सीने पर चाकू से वार कर दिया, जिसके बाद पीड़ित शख्स को गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि हमले में घायल व्यक्ति के सीने पर गहरा जख्म आया है। हमला इतना जोरदार था कि पीड़ित शख्स के दिल पर भी जख्म हुआ है। यदि जांच में आरोपी शख्स दोषी पाया जाता है तो उसे करीब 10 साल तक की जेल हो सकती है। यह पहला वाकया नहीं है जब बदबूदार मोजे विवाद की बड़ी वजह बने हों। बता दें कि 26 नवंबर को दिल्ली में बदबूदार मोजे की वजह से काफी बवाल हुआ था। प्रकाश कुमार नाम के एक शख्स ने एसी बस में सफर करने के दौरान बदबूदार मोजे उतारे तो बस में सफर कर रहे सभी लोग भड़क गए थे। यहां तक कि आखिर में बस को बीच रास्ते में रुकवाकर उन्होंने शख्स के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करा दी थी।