अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में कुछ उपद्रवी तत्वों की ओर से महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने पर अमेरिका ने खेद जताया है। भारत में तैनात अमेरिकी राजदूत केन जस्टर ने कहा कि वॉशिंगटन में गांधी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया जाना दुखद है। इसके लिए हमें खेद है। कृपया हमारी ओर से विनम्र माफी को स्वीकार करें। अमेरिका में अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लायड की पुलिस हिरासत में मौत के बाद से हिंसक प्रदर्शनों का दौर चल रहा है। ऐसे ही एक प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवी तत्वों ने वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास के बाहर लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।

सूत्रों के मुताबिक वॉशिंगटन पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है। अमेरिका में अश्वेत नागरिक की मौत के बाद से BlackLivesMatter के नाम से लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच ट्रंप ने इस हिंसा को लेकर डेमोक्रेट्स पर निशाना साधा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए गुरुवार को कहा,‘आपको वर्चस्व कायम करने वाला सुरक्षा बल रखना होगा। हमें कानून व्यवस्था कायम रखने की जरूरत है। ’ उन्होंने कहा, ‘आपने देखा कि इन सभी जगहों पर, जहां समस्याएं हुईं, वहां पर रिपब्लिकन पार्टी सत्‍ता में नहीं है। वहां उदारवादी डेमोक्रेट शासन में हैं।’