दुबई के सुल्तान शेख मोहम्मद को अपनी पत्नी से अलगाव खासा भारी पड़ रहा है। उन्हें अब अपने बच्चों की कस्टडी लेने के लिए पूर्व पत्नी को 730 मिलियन डॉलर यानी करीब 5500 करोड़ रुपये चुकाने पड़ेंगे। लंदन के हाईकोर्ट ने ये फैसला सुनाया है। शेख मोहम्मद और उनकी पूर्व पत्नी हया के बीच बच्चों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। हया 2019 में बच्चों के साथ यूके चली गई थीं। उन्होंने वहीं की कोर्ट में दावा किया।
ब्रिटेन में इस राशि को अब पारिवारिक विवाद के मामले में अब तक की सबसे बड़ी मुआवजा राशि कहा जा रहा है। लेकिन फिर भी ये हया की डिमांड से काफी कम है। हया ने 1.4 बिलियन पाउंड की मांग की थी। हया ने कोर्ट में कहा– वो सुल्तान के प्रभाव से अपने बच्चों को आजाद कराना चाहती हैं। हया रिश्ते में जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला की बहन लगती हैं।
जज फिलिप मूर ने कहा है कि हया और दोनों बच्चों की जिंदगी पर गंभीर खतरे को देखते हुए सुल्तान को ये कीमत चुकानी होगी। ये खतरा खुद सुल्तान से बताया गया है। जज ने कहा-वो अपने लिए कोई राशि नहीं मांग रही हैं। वो सिर्फ अपनी सुरक्षा की कीमत मांग रही हैं। शादी के टूटने के कारण उन्हें जो नुकसान हुआ है, वो उसकी भरपाई की मांग कर रही हैं। जज एंड्रयू ने कहा कि शेख मोहम्मद अपनी सरकार की मदद से वो सब कुछ हासिल करना चाहते थे, जो उन्हें लगता था कि सही है। जज ने कहा कि उन्होंने प्रिंसेज हया को इंग्लैंड के लिए रवाना होने और यहां आने के बाद से लगातार परेशान किया है।
ब्रिटिश हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक, 290 मिलियन पाउंड की राशि एचएसबीसी बैंक में गारंटी के तौर पर रहेगी। इस निर्णय को हया की बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है। शेख मोहम्मद की तरफ से इन तमाम आरोपों को मानने से इनकार किया गया है। शेख मकतूम दुबई के करोड़पति शासक हैं।
2019 में प्रिंसेस हाया बिंत अल हुसैन अपने पति को छोड़कर आ गई थीं। प्रिंसेज हया शेख मोहम्मद की छठी पत्नी हैं। वो अपने 7 साल के बेटे जायद और 11 साल की बेटी अल जलीला के साथ जर्मनी चली गईं। वहां उन्होंने राजनीतिक शरण दिए जाने का आग्रह किया था। ऑक्सफोर्ड से पढ़ाई करने वाली प्रिंसेज हाया 20 मई 2019 के बाद सार्वजनिक रूप से दिखाई नहीं दी हैं। हालांकि, शेख मोहम्मद पर आरोप है कि पेगासस का प्रयोग करके उन्होंने अपनी पूर्व पत्नी प्रिंसेज हया की जासूसी करवाई थी।