जापान में लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी (LDP) ने साने ताकाइची को अपना नया नेता चुना है। ताकाइची का देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनना तय है। ताकाइची जापान की आर्थिक सुरक्षा मंत्री रह चुकी हैं।
ताकाइची ने चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे शिंजिरो कोइजुमी तथा योशिमासा हयाशी को हराया। ताकाइची को राष्ट्रीय रक्षा और आर्थिक सुरक्षा के मामले में काफी मजबूत नेता माना जाता है।
महंगाई और फंड घोटाले की वजह से जापान में लोग LDP से दूर होते जा रहे हैं जबकि प्रवासियों का विरोध करने वाली सैनसेतो पार्टी का लोगों के बीच समर्थन बढ़ रहा है।
जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने दिया इस्तीफा
शिंजो आबे की विचारधारा की समर्थक हैं ताकाइची
लैंगिक समानता के मामले में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब स्थिति में माने जाने वाले जापान में 64 साल की ताकाइची ने LDP की पहली महिला नेता बनकर इतिहास रच दिया है। ताकाइची जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की अति-रूढ़िवादी विचारधारा की समर्थक हैं। वह नियमित रूप से यासुकुनी श्राइन जाती हैं, जिसे जापान के युद्धकालीन सैन्यवाद का प्रतीक माना जाता है।
मार्गरेट थैचर को मानती हैं आदर्श
ताकाइची को जापान में आयरन लेडी 2.0 भी कहा जाता है। कॉलेज के दिनों में हेवी मेटल बैंड में ड्रम बजाने वाली ताकाइची ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री मार्गरेट थैचर को अपना राजनीतिक आदर्श मानती हैं। LDP के रूढ़िवादी धड़े और पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के समर्थक ताकाइची को समर्थन देते हैं। उन्होंने जापान में अपराध और दूसरे देशों के लोगों के आर्थिक प्रभाव के बारे में भी गहरी चिंता व्यक्त की है और वह इसे लेकर कड़े नियम बनाने की मांग करती हैं।
जापान पहुंचे पीएम मोदी का भव्य स्वागत, जानिए क्यों महत्वपूर्ण है यह दौरा
शिगेरु इशिबा ने दे दिया था इस्तीफा
ताकाइची ने शिगेरु इशिबा की जगह ली है। शिगेरु इशिबा ने पिछले महीने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और इस वजह से LDP के सामने नेतृत्व का संकट खड़ा हो गया था। लोगों की नजर इस बात पर थी कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले जापान की कमान कौन संभालेगा।
LDP को उम्मीद है कि वह जनता का समर्थन फिर से हासिल करके सत्ता में बनी रहेगी। LDP निचले सदन में सबसे बड़ी पार्टी है और विपक्षी राजनीतिक दल बुरी तरह बिखरे हुए हैं। LDP ने जापान पर लंबे वक्त तक शासन किया है।
ताकाइची ने कहा है कि वह बढ़ती कीमतों को रोकने के लिए काम करेंगी, साथ ही कूटनीतिक और सुरक्षा चुनौतियों पर भी ध्यान केंद्रित करेंगी।
जापान का वह रेलवे स्टेशन जो सिर्फ एक यात्री के लिए सालों तक चलता रहा, जानिए क्यों