फिलीपींस में तूफान के कारण आए बाढ़ और भूस्खलन से 31 लोगों की मौत हो गई है। सात लोगों के लापता होने की बात भी कही जा रही है। बड़ी संख्या में लोग हताहत हुए हैं। ये आपदा दक्षिण फिलीपींस में वहां के लोगों पर कहर बनकर टूटी है।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि साउदर्न फिलीपींस के कोटाबाटो शहर में बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। 3 लाख की आबादी वाले इस इलाके में इस प्राकृतिक आपदा के कारण लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राहत और बचाव का काम जोरों पर है लेकिन अभी भी कई लोग अपने घरों की छत पर फंसे हुए हैं।
कोटाबाटो के सिविल डिफेंस चीफ नागुइब सिनारिंबो ने मीडिया को बताया कि शहर के मिंडानाओ आइलैंड के पास के इलाके से 31 शव बरामद हुए हैं। सिनारिंबो ने कहा कि कल तूफान के बाद से ही हालात बदतर बने हुए हैं। लोगों के घरों के अंदर तक पानी घुस आया। कई घर बह गए हैं। राहत बचाव दल रबर की बोट से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने में लगा है। बाढ़ के कारण कई जगह भूस्खलन भी हुआ।
फिलीपींस के मनीला स्थित मौसम विभाग ने बताया कि ये बाढ़ और भूस्खलन नालगै तूफान के चलते आया है। 27 अक्टूबर से ही कोटाबाटो में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि फिलीपींस के दूसरे शहरों में तूफान का असर दिख सकता है। उनका कहना है कि कोटाबाटो और उसके आसपास के इलाकों में एक दो दिन बाद ही हालात में सुधार होने की गुंजाइश है।
एहतियात के तौर पर जिन इलाकों में बाढ़ या भूस्खलन की संभावना है वहां से भी लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। फिलीपींस की सरकार के साथ ही स्थानीय संस्थाएं और लोग भी एक दूसरे की मदद में लगे हुए हैं।
बता दें कि फिलीपींस हर साल औसतन 20 तूफान और चक्रवात का सामना करता है। हर साल इस देश के सैकड़ों लोगों को अपने जानमाल से हाथ धोना पड़ता है। घर, खेत, सड़क से लेकर पुल तक इस आपदा की चपेट में आकर ध्वस्त हो जाते हैं।