पूर्व सर्वोच्च नेता किम जोंग इल की मृत्यु की 10वीं बरसी पर उत्तर कोरिया में नागरिकों पर 10 दिनों के लिए हंसने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस दौरान देश के लोग न हंस सकते हैं और न ही शराब पी सकते हैं। सरकारी आदेश में जनता को आदेश दिया गया है कि जब तक उत्तर कोरिया किम जोंग इल की मृत्यु का शोक मना रहा है, तब तक वे खुशी वाली किसी गतिविधि में शामिल न हों।

रेडियो फ्री एशिया से बात करते हुए सिनुइजू शहर के एक निवासी ने बताया कि शोक अवधि के दौरान लोग शराब का सेवन, हंसना या किराने के सामान की खरीदारी नहीं कर सकते हैं। उस शख्स ने बताया कि इस अवधि के दौरान प्रतिबंधों का उल्लंघन करने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

नाम न उजागर करने की शर्त पर उस शख्स ने आगे बताया, ”पूर्व में जो लोग शोक के दौरान शराब का सेवन करते या खुशी मनाते पाए गए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और वैचारिक अपराधी के तौर पर सजा दी गई। उन्हें पकड़कर ले जाया गया और वे लोग फिर कभी दिखाई नहीं दिए।”

शोक की अवधि के दौरान, अगर किसी के परिवार में कोई मौत हो जाती है तब उसके परिजनों को जोर से रोने की अनुमति नहीं होती है और ना ही अंतिम संस्कार किया जा सकता है। शव को तभी अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा सकता है, जब शोक के 11 दिन पूरे हो जाएं। बताया जाता है कि इस दौरान लोग अपना जन्मदिन नहीं मना सकते हैं।

किम जोंग इल के लिए हर साल आयोजित शोक की अवधि आमतौर पर 10 दिनों की होती है। लेकिन इस साल उनकी मृत्यु की दसवीं वर्षगांठ के मौके पर पूरे देश में 11 दिन तक शोक मनाया जाएगा। उत्तर कोरिया किम जोंग इल के जीवन पर आधारित कई कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है, जिसमें उनकी फोटोग्राफी और कला से जुड़ी सार्वजनिक प्रदर्शनी भी शामिल है। किम जोंग इल ने साल 1994 से 2011 तक उत्तर कोरिया पर शासन किया। उनकी मृत्यु के बाद उनके छोटे बेटे और वर्तमान नेता किम जोंग उन ने उत्तर कोरिया की कमान संभाली।