Kansas City Parade Shooting: अमेरिका के मिसौरी राज्य के कंसास शहर में परेड के दौरान गोलीबारी हुई। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कम से कम 22 लोग घायल हो गए हैं। घायल होने वाले लोगों में 9 बच्चे भी शामिल हैं, जिनकी उम्र 6 से 15 साल के बीच है। हालांकि, ये सभी घायल लोग अब खतरे से बाहर हैं और इनके बचने की पूरी संभावना है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

दरअसल, अमेरिका में रविवार को सुपर बोल का फाइनल हुआ था, जिसमें ‘कंसास सिटी चीफ’ टीम ने जीत हासिल की थी। इस जश्न को मनाने के लिए ही शहर भर में परेड निकाली जा रही थी। इसी दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई। फायरिंग के बाद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल का पैदा हो गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी की घटना उस वक्त सामने आई, जब परेड अपने अंतिम चरण में थी। गोलियां चलने की आवाज पेट्रोल पंप के पास सुनी गई थी। उन्होंने आगे कहा कि घटना में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन सभी से पूछताछ चल रही है। हालांकि, हमलावरों ने परेड पर गोलीबारी क्यों की, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। फायर डिपार्टमेट प्रमुख रॉस ग्रंडीसन ने बताया कि 22 लोग गोलीबारी की घटना का शिकार बने हैं। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि परेड में शामिल होने आए कुछ लोगों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया था। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग हमलावर को पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। ग्रेव्स ने कहा कि मैं आज की घटना से बेहद नाराज हूं। जो लोग अपनी टीम की जीत का जश्न मनाने के लिए परेड में शामिल हुए थे, उन्होंने सुरक्षित माहौल के बारे में सोचा होगा। लेकिन यह घटना हुई। फिलहाल घटना वाली जगह की वीडियो की लगातार जांच की जा रही है।