अमेरिका में एक जज ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद FBI (फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन) की टीम मौके पर पहुंची तो हैरत नें रह गई। जज के घर से उसे हथियारों का जखीरा मिला। जज के घर 47 हथियारों के साथ गोलियों के 26 सौ राउंड बरामद किए गए। फिलहाल कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। जज ने अभी तक अपना अपराध कबूल नहीं किया है।

अमेरिकन पुलिस के मुताबिक कैलिफोर्निया के जज जेफरी फर्रग्गूशन का एक रेस्तरां में पत्नी से विवाद हो गया था। उसके बाद वो घर पहुंचे तो झगड़ा फिर से होने लगा। 72 वर्षीय जज ने पत्नी की तरफ उंगलियों को बंदूक के स्टाइल में किया और धमकी दी। पत्नी ने उसे चुनौती दी कि वो उंगलियों से क्यों धमका रहा है। हिम्मत है तो असली बंदूक चलाकर दिखाए।

जज ने अपने शरीर में बंधी पिस्तौल निकाली और आनन फानन में पत्नी पर गोली दाग दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो जज शराब के नशे में था। जेफरी फर्रग्गूशन आरेंज काउंटी सुपीरियर कोर्ट में बैठता था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला है कि जज ने पत्नी की छाती में गोली मारी थी। उसके बाद उसने अपने एक कलीग को मैसेज करके कहा कि कल वो नहीं होगा। कल वो हिरासत में होगा।

तीन अगस्त की रात को अंजाम दी थी वारदात

FBI के मुताबिक जज का अपनी पत्नी शेरिल से 3 अगस्त को विवाद हुआ था। उसी रात उसने पत्नी की हत्या कर दी थी। फिलहाल उसके खिलाफ लास एंजेल्स की कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। खास बात है कि गोली मारने के बाद जज ने ही 911 को कॉल किया और कहा कि उसकी पत्नी को गोली मार दी गई है। उसके बाद उसने अपनी कोर्ट के क्लर्क को मैसेज भेजा कि मैंने अपनी पत्नी को गोली मार दी है। अब मैं हिरासत में रहूंगा। आखिर में उसने लिखा- आई एम सॉरी। जेफरी फर्रग्गूशन 2015 में जज बने थे। उनके वकील का कहना है कि ये अनजाने में हुआ एक हादसा था।