जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर शुक्रवार को हुए जानलेवा हमले के बाद चीन में जश्न मनाने की खबर सामने आई है। बता दें कि शिंजो आबे पर होममेड गन से फायर किया गया। हमले को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ट्वीट में दुख जताते हुए कहा, “मेरे प्रिय मित्र अबे शिंजो पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं।”

बता दें कि शिंजो आबे पर हुए हमले के तुरंत बाद चीनी राष्ट्रवादियों ने सोशल मीडिया पर खुशी का इजहार किया। चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म वीबो पर आबे पर हुए हमले को लेकर लोग उनके मरने से जुड़ी पोस्ट शेयर कर रहे हैं। वहीं चीन के लोगों ने हमलावर को अपना ‘हीरो’ करार दिया है।

दरअसल जापान की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में शिंजो आबे का अहम योगदान माना जाता है। ऐसे में माना जाता है कि चीन इस सूरत को पसंद नहीं करता है। ऐसे में जब खबर आई कि शिंजो आबे को गोली मारी गई है तो चीन में हमलावर को ‘हीरो’ करार दिया गया। चीन के सोशल मीडिया वीबो पर चीन राष्ट्रवादियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया।

चीनी नागरिक अपने पोस्ट में जश्न मनाने के साथ ‘एक प्लेट ज्यादा चावल’ खाने की बात कर रहे हैं। वहीं, कुछ ने कहा कि ‘हम उम्मीद करते हैं, कि मौजूदा जापानी प्रधानमंत्री और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के साथ भी यही हाल हो।’ इस हमले को लेकर चीनी राष्ट्रवादी एक दूसरे को बधाई संदेश दे रहे हैं। इसके अलावा कुछ का कहना है कि हम शिंजो आबे की मौत की उम्मीद कर रहे हैं।’

वहीं जापानी मीडिया के हवाले से सामने आई खबर के अनुसार शिंजो आबे पर हमला करने वाले आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उसका कहना है कि वह आबे से असंतुष्ट था और उनकी हत्या करना चाहता था।

बता दें कि 67 वर्षीय शिंजो आबे शुक्रवार(8 जुलाई) को जापान के नारा सिटी में भाषण दे रहे थे। तभी एक हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद आबे का हार्ट फेल हो गया है और उनके शरीर के अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। हालांकि डाक्टर अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं लेकिन बचने की उम्मीद काफी कम है। वहीं, गोली मारने के आरोप में 41 वर्षीय तेत्सुया यामागामी को गिरफ्तार किया गया है। वह जापान की पूर्व समुद्री सेना का सदस्य है।

बता दें कि जापान को दुनिया के सबसे सुरक्षित देशों में से एक माना जाता है। यहां बंदूक नियंत्रण के सख्त कानून लागू हैं। ऐसे में पूर्व पीएम शिंजो आबे पर हुआ यह हमला हैरान करने वाला है।