इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी (Silvio Berlusconi) का 86 साल की उम्र में निधन हो गया। वह इटली के तीन बार पीएम चुने गए थे। पहली बार वह 1994 में पीएम बने थे और उनका कार्यकाल 1995 तक था। वहीं दूसरी बार वह 2001 में पीएम बने और 2006 तक इस पद पर रहे। जबकि तीसरी बार वह 2008 में पीएम चुने गए और 2011 तक पीएम रहे।

कई बीमारियों से पीड़ित थे बर्लुस्कोनी

सिल्वियो बर्लुस्कोनी कोविड-19 सहित कई गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे, जिसके परिणामस्वरूप सितंबर 2020 में बार-बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। पिछले महीने उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। इटली रक्षा मंत्री गुइडो क्रोसेटो ने ट्विटर के माध्यम से कहा कि बर्लुस्कोनी की मृत्यु से शून्य पैदा हुआ है और एक युग का अंत हुआ है।

बर्लुस्कोनी की फोर्ज़ा इटालिया पार्टी प्रधान मंत्री जियोर्जिया मेलोनी के दक्षिणपंथी गठबंधन का हिस्सा है। हालांकि उनकी खुद की सरकार में कोई भूमिका नहीं थी। उनका व्यापारिक साम्राज्य भी अनिश्चित भविष्य का सामना कर रहा है। उन्होंने कभी भी सार्वजनिक रूप से यह संकेत नहीं दिया कि उनकी मृत्यु के बाद उनकी MFE कंपनी का पूरा प्रभार कौन संभालेगा। हालांकि माना जा रहा है कि उनकी सबसे बड़ी बेटी मरीना प्रमुख भूमिका निभा सकती हैं।

पूर्व पीएम को कई मुकदमों का सामना करना पड़ा

29 सितंबर 1936 को जन्मे बर्लुस्कोनी को टैक्स योजनाओं और यौन शोषण को लेकर कई घोटालों और मुकदमों का सामना करना पड़ा। उन्हें एक बार दोषी भी ठहराया गया था, लेकिन बाद में आरोपों से मुक्त कर दिया गया था। बर्लुस्कोनी इटली के सबसे बड़े कमर्शियल प्रसारक मीडियासेट के शेयरधारक थे। जून 2023 में उनकी संपत्ति लगभग 7 बिलियन डॉलर आंकी गई थी। वह 1986 से 2017 तक इतालवी फुटबॉल क्लब एसी मिलान के भी मालिक थे।

प्रधान मंत्री के रूप में उनके नौ वर्षों के कार्यकाल ने बर्लुस्कोनी को फासीवादी तानाशाह बेनिटो मुसोलिनी और जियोवन्नी गियोलिट्टी के बाद इटली में सरकार का तीसरा सबसे लम्बे कार्यकाल वाला पीएम बना दिया। जब वह प्रधान मंत्री थे तब उन्होंने मीडियासेट में अपनी संपत्ति बेचने का वादा किया था लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।