रूसी जेल में बंद इस्लामिक स्टेट के आतंकियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके अलावा उन्होंने जेल में बंद कैदियों को बंधक बना लिया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमे तीन वर्दीधारी जेल अधिकारियों को फर्श पर खून से लथपथ बेहोश पड़े देखा जा सकता है। इनमे से एक का गला कटा हुआ है। दूसरा कर्मी दरवाज़े पर सीधा बैठा था, जहां चाकू लिए एक आतंकी उसकी गर्दन पकड़े हुए था।

रूस के स्टेट मीडिया ने कहा कि जेल स्टाफ का एक सदस्य मारा गया है, लेकिन वीडियो से पता चलता है कि मरने वालों की संख्या अधिक हो सकती हैं। हमलावरों में से एक ने वीडियो में चिल्लाकर कहा कि वे इस्लामिक स्टेट के मुजाहिदीन हैं और उन्होंने वोल्गोग्राड क्षेत्र की जेल पर कब्ज़ा कर लिया है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस मामले पर कहा कि उन्हें जेल सेवा के चीफ द्वारा घटना की जानकारी दी गई है। व्लादिमीर पुतिन ने अपनी सुरक्षा परिषद की साप्ताहिक बैठक को संबोधित करते हुए उभरती स्थिति पर कोई टिप्पणी नहीं की लेकिन कहा कि वह इंटरनल मिनिस्टर और एफएसबी सुरक्षा सेवा के प्रमुख के विचार सुनना चाहते हैं। जेल सर्विसेज ने एक बयान में कहा, “अनुशासनात्मक आयोग के एक सत्र के दौरान दोषियों ने जेल के कर्मचारियों को बंधक बना लिया। वर्तमान में बंधकों को मुक्त करने के लिए उपाय किए जा रहे हैं। जेल में 1,241 पुरुष कैदियों को रखने की क्षमता है।”

बागपत में आपस में भिड़ गए बीजेपी कार्यकर्ता और उनके परिवार वाले, जमकर चले लाठी-डंडे; FIR दर्ज

सोशल मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों और वीडियो में चार हमलावर दिखाई दे रहे हैं। रूस की मीडिया ने कहा कि उन्हें जेल के एक ब्लॉक तक सीमित कर दिया गया था, और फुटेज में उन्हें एक बड़े यार्ड में घूमते हुए दिखाया गया था। जेल स्टाफ के एक सदस्य को (जिसका चेहरा खून से सना हुआ था) यार्ड में आतंकियों के साथ देखा जा सकता था।

हमलावर उज्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान के नागरिक बताए जा रहे हैं। रूस में हाल में इस्लामी आतंकवादी हमलों में वृद्धि देखी गई है। जून में रोस्तोव के दक्षिणी क्षेत्र में इस्लामिक स्टेट से जुड़ा एक खूनी जेल संघर्ष हुआ था, जहां विशेष बलों ने बंधक बनाए गए छह कैदियों की गोली मारकर हत्या कर दी। इसी महीने के अंत में दक्षिणी रूस के मुख्य रूप से मुस्लिम क्षेत्र डागेस्टैन के दो शहरों में गोलीबारी के हमलों में कम से कम 20 लोग मारे गए थे।

इसी साल मार्च में इस्लामिक स्टेट ने एक हमले की जिम्मेदारी ली थी जिसमें बंदूकधारियों ने मॉस्को के पास क्रोकस सिटी कॉन्सर्ट हॉल पर हमला किया था। इसके बाद उन्होंने एक इमारत में आग लगा दी, जिसमें 140 से अधिक लोग मारे गए।