ऑस्ट्रेलिया के रॉयल कैरेबियन इंटरनेशनल क्रूज की यात्रा को आरामदेह माना जाता है। लेकिन इस क्रूज में भारतीय यात्रियों द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। इस वजह से अन्य यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। आरोप है कि गुटका निर्माता कंपनी के लिए काम करने वाले करीब 1300 भारतीय छह सितंबर को एक सम्मेलन में शामिल होने जाने के लिए क्रूज पर सवार हुए। यहां उन्होंने जमकर बवाल किया। डांस करने के लिए लड़कियों को बुलाया। बियर बार और खाने पर टूट पड़े। अगले तीन दिनों तक उन लोगों ने डेक पर अपनी मनमर्जी की। लड़कियों के साथ अश्लील डांस किया। साथ ही क्रूज से यात्रा कर रही लड़कियों का वीडियो बना परेशान किया। उस क्रूज से यात्रा कर रहे कुछ यात्रियों ने इस पूरी घटना की जानकारी एक टीवी नेटवर्क काे दी और यह मामला प्रकाश में आया।

सिडनी के यात्री कैसंड्रा रिन्ननी ने ऑस्ट्रेलियाई नाइन नेटवर्क को बताया, “वह पूरी तरह एक बैचलर पार्टी लग रही थी। भारतीय यात्रियों के कमरे के दरवाजे खुले हुए थे। वे अपने साथ कैरेट में खाना लेकर आए थे। क्रूज के बाहर लगे हुए स्क्रीन पर अपना कब्जा जमा लिया था और उस पर वीडियोज देखे।” भारतीय यात्रियों द्वारा लड़कियों का डांस करवाए जाने की वजह से क्रूज पर खेले जाने वाले लोकप्रिय खेल बिंगो को रद कर दिया गया। रॉयल कैरेबियन इंटरनेशनल क्रूज, जिस क्रूज पर भारतीय यात्रियों ने हंगामा किया, उसकी क्षमता 3000 यात्रियों की है।

तरुण ट्रैवल मार्केटिंग के सीईओ रत्ना चढ़ा, जो रॉयल कैरेबियन इंटरनेशनल के भारत प्रतिनिधि हैं, ने भारतीय यात्रियों का बचाव किया। टाईम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, रत्ना ने कहा, “कुछ ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने भारतीय समूह द्वारा वाइल्ड पार्टी करने की शिकायत की है। जबकि भारतीय यात्री पूरी तरह से सभ्य कपड़े पहने हुए थे और उन्होंने किसी तरह का बवाल नहीं किया था। यहां तक कि अगर भारतीय यात्रियों ने बवाल पैदा किया, तो ऑस्ट्रेलिया के लोगों ने जहाज पर तैनात अधिकारियों से शिकायत क्यों नहीं की? यह शिकायत तब की गई, जब यात्रा पूरी हो गई। यदि यात्री किसी तरह के नियम को तोड़ते हैं तो शिप को हमेशा आपत स्थिति से निपटने की छूट रहती है। लेकिन यहां किसी तरह के उपर कार्रवाई नहीं की गई क्योंकि भारतीय समूह ने जो भी किया, नियम-कानून के दायरे में रहकर किया। शिप के 3900 यात्रियों में से मात्र छह ऑस्ट्रेलियाई लोगों ने इस तरह की शिकायत की।”

वहीं, दूसरी ओर से क्रूज से यात्रा कर रहे एक यात्री ने कहा, “हमने काफी पहले ही इसकी शिकायत की थी। वे अश्लील कपड़ों में खुलेआम डेक पर घूम रहे थे, जबकि यह एक पारिवारिक क्रूज है। मुझे लगता है कि हमें उन्हें सूचित किया जाना चाहिए था कि एक बड़े समूह द्वारा बुकिंग की गई है।”