कांगो में भारतीय शांति रक्षकों ने संकटग्रस्त उत्तरी कीवू प्रांत में अपनी चौकी पर करीब 30 विद्रोहियों के एक बड़े हमले का प्रतिरोध किया जिसमें तीन हमलावर मारे गए और दो भारतीय सैनिक भी घायल हो गए। सेना प्रवक्ता कर्नल अमन आनंद ने बताया कि माई माई नाम के समूह ने लुबेरो में शुक्रवार को शांति रक्षकों की चौकी पर हमला किया। घटना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि करीब 30 विद्रोहियों ने गोमा से तकरीबन 300 किलोमीटर उत्तर में लुबेरो में चौकी पर हमला किया। यह उत्तर कीवू प्रांत का मुख्य शहर है जहां दर्जनों गैरकानूनी सशस्त्र समूहों ने कई गांवों को अपने नियंत्रण में ले रखा है।

कर्नल आनंद ने कहा, ‘भारतीय शांति रक्षकों ने हमले का प्रतिरोध किया जिसमें तीन हमलावर मारे गए और एक घायल हो गया।’ उन्होंने बताया कि हमले में दो भारतीय शांति रक्षक भी घायल हो गए। मौजूदा समय में कांगो में संयुक्त राष्ट्र मिशन के तहत कुल 2,664 सैन्य कर्मी तैनात हैं। सेना प्रवक्ता ने कहा, ‘‘शुक्रवार का हमला कांगो में नागरिकों की रक्षा के लिए तैनात संयुक्त राष्ट्र बलों पर दुर्लभ हमला था।’