Pramila Jayapal Receives Threat Messages: भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल को फोन पर धमकियां मिल रही हैं। फोन पर उन्हें अपमानजनक और घृणास्पद संदेश मिल रहे हैं। एक शख्स ने फोन करके उन्हें भारत वापस जाने के लिए भी कहा। प्रमिला ने गुरुवार को एक पोस्ट शेयर कर इस बारे में बताया। इस पोस्ट में उन्होंने 5 ऑडियो मैसेज शेयर किए हैं।

प्रमिला जयपाल का जन्म भारत में चेन्नई में हुआ था। इन ऑडियो संदेशों को एडिट किया गया है क्योंकि इनमें कॉलर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल भी कर रहा है। कॉलर प्रमिला को धमकी दे रहा है कि भारत वापस लौट जाओ वरना इसके बुरे परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। 55 वर्षीय प्रमिला जयपाल पहली भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सदस्य हैं, जो अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में सिएटल का प्रतिनिधित्व करती हैं।

उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, “आमतौर पर, राजनीतिक आंकड़े अपनी भेद्यता नहीं दिखाते हैं। मैंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि हम हिंसा को अपने नए मानदंड के रूप में स्वीकार नहीं कर सकते। हम उस नस्लवाद और लिंगवाद को भी स्वीकार नहीं कर सकते हैं, जो इस हिंसा को प्रेरित करता है।”

बता दें कि इस गर्मी की शुरुआत में, एक व्यक्ति पिस्टल के साथ सिएटल में कांग्रेस महिला के घर के बाहर दिखा था। इस शख्स की पहचान 49 वर्षीय ब्रेट फोर्सेल के रूप में हुई थी, जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया था। अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ घृणा अपराध की यह ताजा घटना है। 1 सितंबर को कैलिफोर्निया में एक अमेरिकी द्वारा एक भारतीय-अमेरिकी शख्स के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार किया गया था और उसको गालियां भी दी गई थीं।

26 अगस्त को चार भारतीय-अमेरिकी महिलाओं को टेक्सास में एक मैक्सिकन-अमेरिकी महिला द्वारा नस्लीय रूप से दुर्व्यवहार किया गया था और उनकी पिटाई भी की थी। महिला ने उन्हें अपशब्द कहे और कहा वे अमेरिका को “बर्बाद” कर रही हैं और उन्हें “भारत वापस जाना चाहिए”। यह घटना टेक्सास के डलास में एक पार्किंग स्थल में हुईथी। एस्मेराल्डा अप्टन नाम की महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।