राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि उनकी वजह से भारत-पाकिस्तान का परमाणु युद्ध टल गया। एक टीवी इंटरव्यू में राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि उनकी टैरिफ धमकी की वजह से दोनों ही देश युद्ध रोकने को तैयार हो गए।

ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान पर अब क्या बोला?

राष्ट्रपति ट्रंप ने सीबीएस न्यूज से बात करते हुए कहा कि ये भारत के साथ काम किया, पाकिस्तान के साथ किया और करीब-करीब 60 फीसदी अन्य देशों के साथ भी किया। मैं बता दूं अगर टैरिफ और ट्रेड की बात नहीं होती, ये मुमकिन ही नहीं था। लेकिन मैंने एक उदाहरण पेश किया। भारत हमारे साथ काफी व्यापार करता है। वो युद्ध के लिए तैयार थे। उनका पाकिस्तान के साथ परमाणु युद्ध होने वाला था। ये काफी खराब युद्ध था। हर जगह प्लेन गिर रहे थे। मैंने दोनों ही देशों को साफ कहा था कि अगर आपने जल्दी कोई डील नहीं की, आप अमेरिका के साथ कोई बिजनेस नहीं कर पाएंगे। ये सच है कि दोनों ही देश हमारे साथ काफी व्यापार करते हैं, दोनों ही देशों के महान नेता हैं, उन्होंने डील की और युद्ध रुक गया।

ट्रंप के पिछले बयान क्या थे?

इससे पहले ट्रंप ने कोरिया गणराज्य के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान सोमवार को कहा था कि मैंने इन सभी युद्धों को रोक दिया है। इनमें से एक बड़ा युद्ध भारत और पाकिस्तान के बीच होता । भारत और पाकिस्तान के साथ युद्ध अगले स्तर का परमाणु युद्ध था। उन्होंने पहले ही 7 जेट मार गिराए थे, यह बहुत ज़ोरदार था। मैंने उनसे कहा कि क्या आप व्यापार करना चाहते हैं? अगर आप लड़ते रहे, तो हम आपके साथ कोई व्यापार या कुछ भी नहीं करेंगे, आपके पास इसे निपटाने के लिए 24 घंटे हैं।’ उन्होंने कहा कि ठीक है, अब कोई युद्ध नहीं चल रहा है। मैंने कई मौकों पर इसका इस्तेमाल किया। मैंने व्यापार का इस्तेमाल किया और जो भी मेरे पास था, मैंने किया।

भारत सरकार का क्या रुख है?

वैसे राष्ट्रपति ट्रंप ने कई मौकों पर ऐसे दावे किए हैं, लेकिन भारत ने भी उन्हें सिरे से खारिज किया है। साफ शब्दों में कहा गया है कि पाकिस्तान की गुहार पर ही सीजफायर हुआ था और अमेरिका की तरफ से कोई हस्तक्षेप नहीं हुआ। किसी तरह की टैरिफ धमकी वाली बात भी भारत सरकार ने स्वीकार नहीं की है।