हिंदुजा बंधु लगातार पांचवें साल ब्रिटिश के सबसे रईस एशियाई बने हैं। इस परिवार की कुल संपत्ति 22 बिलियन पाउंड अनुमानित की गई है, जो कि 2017 की कुल संपत्ति से 3 बिलियन पाउंड ज्यादा है। यूके बेस्ड एशियन मीडिया ग्रुप (एएमजी) द्वारा ‘एशियन रिच लिस्ट’ प्रकाशित की गई, जिसमें हिंदुजा ब्रदर्स का नाम सबसे टॉप पर है। वहीं दूसरे और तीसरे नंबर पर भी भारतीयों का ही कब्जा है। हिंदुजा भाईयों श्रीचंद पी हिंदुजा, गोपीचंद पी हिंदुजा, प्रकाश पी हिंदुजा और अशोक पी हिंदुजा की कंपनी हिंदुजा ग्रुप का मुख्यालय लंदन में स्थित है। आपको बता दें कि हिंदुजा ग्रुप का व्यापार पांच महाद्वीपों में फैला हुआ है। इस ग्रुप के कामकाज की देखरेख चारों हिंदुजा भाईयों और उनके बच्चों के द्वारा की जाती है।

इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारतीय इस्पात टाइकून लक्ष्मी एन मित्तल का नाम है। इनकी कुल संपत्ति 14 बिलियन पाउंड अनुमानित की गई है, जबकि पिछले साल मित्तल की संपत्ति 12.6 अनुमानित की गई थी। तीसरे नंबर पर भारत में जन्मे उद्यमी श्री प्रकाश लोहिया का कब्जा है। लोहिया कपड़ा कंपनी इंडोरामा कारपोरेशन के फाउंडर और चेयरमैन हैं, उनकी कुल संपत्ति 5.1 बिलियन पाउंड अनुमानित की गई है। एशियन रिच लिस्ट में जिन दस लोगों का शीर्ष स्थान पर कब्जा है उन सबकी कुल संपत्ति 54.25 बिलियन पाउंड है।

एएमजी के कार्यकारी अधिकारी शैलेश सोलंकी ने कहा, ‘यह लिस्ट यूके में एशियाई बिजनेसमैन की तारत और विवधता को प्रदर्शित करती है। बहुत सी आर्थिक परेशानियों के बाद भी इस समुदाय के कई व्यापारियों ने छोटे से अवसर का लाभ उठाते हुए अच्छी प्रगति की। यह बहुत ही प्रेरक तस्वीर है और इससे हर उद्यमी प्रेरणा ले सकता है।’ इस लिस्ट में चौथे स्थान पर पाकिस्तान में जन्मे बेस्टवे ग्रुप के संस्थापक अनवर परवेज हैं। उनकी कुल संपत्ति 2.35 बिलियन पाउंड अनुमानित की गई है। पांचवें स्थान पर भी भारतीय मूल के दो अरबपतियों का संयुक्त रूप से कब्जा है। साइमन, बॉबी और रॉबिन अरोड़ा और मेटल टाइकून अनिल अग्रवाल 2.3 बिलियन पाउंड की कुल संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर हैं। एएमजी के ग्रुप मैनेजिंग एडिटर कल्पेश सोलंकी ने कहा, ‘उद्यमशीलता की भावना और उद्यमियों का रोल काफी महत्वपूर्ण है। केवल आर्थिक दृष्टि से ही नहीं बल्कि समाज के लिए भी इनका काफी महत्वपूर्ण रोल है। यह आगे की जनरेशन के व्यापारियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा हैं।’