ग्रीस में एक महिला को जंगल में आग लगाने के लिए सजा सुनाई गयी। ऐसा तब किया गया जब पता चला कि उसने जानबूझकर दो बार जंगल में आग लगाई थी। हैरानी की बात यह है कि महिला ने यह सब फायरफाइटर्स को देखने और उनके साथ फ़्लर्ट करने के लिए किया।
जंगलों में आग लगने के बाद जो फायरफाइटर्स खतरनाक स्थिति को संभालने के लिए आते थे महिला उनके साथ फ़्लर्ट करती थी, जिसके कारण उसकी गिरफ्तारी हुई और अंततः सजा सुनाई गई।
त्रिपोली के पुलिस विभाग द्वारा महिला की गिरफ्तारी के बारे में अग्निशमन विभाग ने एक बयान जारी किया। विभाग ने कहा, “एक ग्रीक नागरिक जो अर्काडिया में त्रिपोली नगर पालिका के केरासिट्सा क्षेत्र में जानबूझकर और बार-बार (24 और 25 अगस्त को) फार्मलैंड में दो बार आग लगाने के लिए जिम्मेदार है उसे गिरफ्तार किया गया है।” बयान के मुताबिक, महिला ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि उसे फायरफाइटर्स को देखने और उनके साथ फ़्लर्ट करने में मजा आता था।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, महिला को आग लगने वाली दोनों जगहों पर देखा गया, जिससे उस पर शक हुआ। आख़िरकार आगे की जांच के बाद उन्हें सच्चाई का पता चला।
ग्रीक महिला ने दो बार जंगल में लगाई आग
डेलमेल ने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि ग्रीस में एक 44 वर्षीय महिला ने दो बार जंगल में आग लगाई क्योंकि उसे फायरफाइटर्स को देखना और उनके साथ फ्लर्टिंग करना पसंद था। अनाम महिला को तीन साल की जेल की सजा सुनाई गयी। सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किए जाने के बाद से ही लोग महिला की इस हरकत की जमकर निंदा कर रहे हैं और उसे कड़ी सजा सुनाए जाने की मांग कर रहे थे।
ग्रीस में गलती से भी जंगल में आग लगाना अपराध
ग्रीस में गलती से भी जंगल में आग लगाना एक आपराधिक कृत्य है। यह इसलिए लगाया गया है क्योंकि छोटी सी भी चिंगारी जल्दी ही नियंत्रण से बाहर हो सकती है और आपदा में बदल सकती है। ग्रीस के जलवायु संकट और नागरिक सुरक्षा मंत्री वासिलिस किकिलियास ने कहा, “कानून अब पहले से कहीं अधिक सख्त है और लापरवाही एक आपराधिक कृत्य है।”
इससे पहले, एक 51 वर्षीय व्यक्ति को खेत में तीन बार आग लगाने के संदेह में गिरफ्तार किया गया था। उसने बार-बार और जानबूझकर आग लगाई थी जिससे अधिकारियों को परेशानी हुई और उसे 1,550 डॉलर का जुर्माना भरना पड़ा।
