हमास के आतंकियों द्वारा इजरायल पर किए गए हमले के बाद युद्ध छिड़ चुका है। इजरायल हमास के ठिकानों पर लगातार बमबाजी कर रहा है। इजरायल की तरफ से दावा किया गया है कि वह अब तक 200 से भी ज्यादा हमास के ठिकानों को नेस्तनाबूद कर चुका है। कई न्यूज एजेंसियों द्वारा जारी की गई गाजा की तस्वीरों और वीडियो में वहां की बहुत सारी इमारतें मलबे में तब्दील नजर आ रही हैं।
संयुक्त राष्ट्र की एक एजेंसी के अनुसार, अब तक 1.87 लाख फिलीस्तीनी इजारयली हमलों से बचने के लिए अपने घर छोड़ चुके हैं। बहुत सारे लोगों ने स्कूलों में शरण ली है। भारत की न्यूज एजेंसी PTI द्वारा जारी की गई एक वीडियो में गाजा पट्टी में रह रहीं एक भारतीय महिला ने वहां के हालातों के बारे में जानकारी दी है।
गाजा पट्टी में रह रहीं भारतीय नागरिक लुबना नजीर ने बताया कि वहां के लोग एक क्रूर युद्ध का सामना कर रहे हैं क्योंकि सब कुछ बमबारी करके सेकंडों में नष्ट कर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम इस संघर्ष की कीमत चुका रहे हैं, हर जगह नागरिकों को निशाना बनाया जा रहा है। मेरे दो परिवार हैं जो अपने घर छोड़ चुके हैं। मेरा घर अब उन्हें आश्रय दे रहा है क्योंकि उनके परिवार के 22 सदस्य एक ही हमले में मारे गए थे।
गाजा में अपने पति नेडाल टोमन और सबसे छोटी बेटी करीमा के साथ रह रहीं लुबना ने कहा कि बिजली के अलावा पानी की आपूर्ति भी आधिकारिक तौर पर काट दी गई है। उनके दो बच्चे मिस्र की राजधानी काहिरा में पढ़ाई करते हैं। लुबना ने कहा, “हम कहीं भी नहीं जा पा रहे हैं, क्योंकि हमारे लिए कहीं भी कोई सुरक्षित जगह नहीं है। गाजा पट्टी बहुत छोटी है और हर तरफ से बंद है। यहां पर कोई एग्जिट पॉइंट नहीं हैं।”
क्या UN शेल्टर्स पर हुआ हमला?
गाजा में विस्थापित लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बीच न्यूज एजेंसी AP ने यूएन के हवाल से जानकारी दी कि विस्थापितों के लिए बनाए गए एक शेल्टर पर सीधा टारगेट किया गया जबकि पांच अन्य शेल्टर डैमेज हो चुके हैं। गाजा में हेल्थ प्रशासन ने बताया कि इजरायल की बमबाजी बढ़ने के बाद से सभी अस्पतालों में मरीजों की संख्या जरूरत से बहुत ज्यादा बढ़ गई है।
अमेरिका ने शुरू की हथियारों की सप्लाई
इजरायल द्वारा युद्ध के ऐलान के बाद अमेरिका ने उसे हथियारों और सैन्य उपकरणों की सप्लाई शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेंटागन यह जायजा ले रहा है कि इजरायल की मदद के लिए और क्या भेजा जा सकता है। अमेरिकी रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सैन्य मदद के साथ विमानों ने इजरायल के लिए उड़ान भरी है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं क्लियर नहीं किया कि अमेरिका ने कौन-से हथियार इजरायल को भेजे हैं।