इंडोनेशिया के शहर बाली में जी-20 शिखर सम्मेलन में पहुंचे पीएम मोदी ने मंगलवार को प्रवासी भारतीयों को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2014 से पहले और बाद भारत में बहुत बदलाव आया है। जो सबसे बड़ा फर्क आया है वह है ‘गति’ का। कहा, ‘‘आज, भारत एक अभूतपूर्व पैमाने और गति से आगे बढ़ रहा है।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘हम अब छोटे सपने नहीं देखते। 2014 से हमने 32 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले हैं। अमेरिका की आबादी से अधिक।’’ मोदी ने कहा, ‘‘आज भारत सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था है।’’
प्रधानमंत्री मोदी ने उन क्षेत्रों को सूचीबद्ध किया जिनमें भारत अब ‘‘नंबर एक’’ है जिसमें स्मार्टफोन डेटा खपत, आईटी आउटसोर्सिंग और कुछ दवाओं और टीकों का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत की प्रतिभा, प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्योग ने दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। दुनिया की कई बड़ी कंपनियों में आज भारतीय मूल के सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) हैं।’’
कहा कि 21वीं सदी में भारत दुनिया के लिए आशा की एक किरण है। उन्होंने भारत की विकास गाथा, इसकी उपलब्धियों और भारत द्वारा विभिन्न क्षेत्रों जैसे – डिजिटल प्रौद्योगिकी, वित्त, स्वास्थ्य, दूरसंचार और अंतरिक्ष में हासिल की जा रही जबरदस्त प्रगति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने अमेरिका, ब्रिटेन और चीन समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से अपनी मुलाकात की चर्चा करते हुए बताया कि दुनिया आज भारत की तरफ देख रही है।
उन्होंने कहा कि भारत अब सबसे बड़ी प्रतिमाएं, सबसे बड़े स्टेडियमों का निर्माण कर रहा है। मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार 2014 में सत्ता में आई थी। सत्तारूढ़ भाजपा ने 2019 के आम चुनावों में अपनी सत्ता बरकरार रखी। हालांकि, मोदी परोक्ष तौर पर केंद्र में अपनी सरकार के कार्यकाल की ओर इशारा कर रहे थे, लेकिन उन्होंने पिछली सरकारों या किसी विशेष राजनीतिक दल का नाम लेने से परहेज किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत बड़ा सोचता है और ऊंचा लक्ष्य रखता है
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विकास के लिए भारत की विस्तृत रूपरेखा में दुनिया की राजनीतिक और आर्थिक आकांक्षाएं शामिल हैं और आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि वैश्विक भलाई की भावना का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि भारत अब बड़ा सोचता है और उच्च लक्ष्य रखता है।
इंडोनेशिया की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया भाग्यशाली था कि उसे भारत से दो साल पहले स्वतंत्रता प्राप्त हुई और भारत इंडोनेशिया से बहुत कुछ सीख सकता है। हालांकि, साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की 75 साल की लंबी विकास यात्रा में बहुत कुछ है, जो वह इंडोनेशिया को दे सकता है।
पीएम मोदी ने ओडिशा के कटक में “बाली जात्रा” उत्सव का भी उल्लेख किया
उन्होंने इंडोनेशिया – विशेष रूप से बाली और भारत के बीच सांस्कृतिक संबंधों पर जोर दिया। मोदी ने सभा में मौजूद लोगों को याद दिलाई कि ओडिशा के कटक में लोग अभी “बाली जात्रा” नामक त्योहार मना रहे हैं। उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का भी जिक्र किया। उन्होंने इंडोनेशिया और बाली द्वीप से अपने लगाव के बारे में बात करते हुए कहा, ‘‘बाली में शायद ही कोई होगा जो अपने जीवनकाल में अयोध्या या द्वारका की यात्रा नहीं करना चाहता हो।’’
उन्होंने भारत और इंडोनेशिया के बीच “हजारों वर्षों” के सांस्कृतिक संबंधों के बारे में बात की। उन्होंने संक्रांति त्योहार और भगवान गणेश की मूर्तियों का भी उल्लेख किया, जिन्हें अक्सर इंडोनेशिया में सार्वजनिक स्थानों पर देखा जाता है।