देश में असहिष्णुता पर जारी बहस के बीच उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने बुधवार को यहां कहा कि भारत एक बहुलवादी समाज है। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विविधता व सभी पंथों और धर्मों का बराबर सम्मान करने वाले धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र की गारंटी सुनिश्चित करता है। अंसारी ने कहा कि भारत ऐसा देश है जहां भारतीय संस्कृति को बनाने वाले सभी विविध प्रारूपों को खुद को समृद्ध और अभिव्यक्त करने के अवसर देने का हरसंभव प्रयास किया जाता है। उपराष्ट्रपति अंसारी यहां उदयान विश्वविद्यालय में छात्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण भी किया।
इंडोनेशिया की यात्रा पर आए अंसारी ने कहा-‘भारत एक बहुलवादी समाज है। बहुलता एक वास्तविकता है और हम सुनिश्चित करते हैं कि हमारा राष्ट्र धर्मनिरपेक्ष हो या अन्य शब्दों में, सभी पंथों या धर्मों के लिए बराबर सम्मान हो।’ उन्होंने कहा कि संविधान में गारंटी है जो सुनिश्चित करती है कि यह व्यावहारिक रूप से हो।
अंसारी अपने भाषण के बाद संवाद सत्र में इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि भारत अपनी बहुलता को कैसे संभालता है। बहुलता पर प्रकाश डालते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि विश्व में ज्यादातर करेंसी नोटों में एक या दो भाषाओं में मूल्य लिखे होने के विपरीत, भारतीय करेंसी नोटों पर मूल्य 18 भाषाओं में लिखा होता है। उन्होंने कहा कि इस तरह से हम अपने रोजाना के जीवन में विविधता को अपनाते हैं।
एक छात्र ने पूछा कि भारत सामाजिक जीवन में गांधीवादी मूल्यों को कैसे उतारता है, इस पर अंसारी ने कहा-‘हमारे समाज के सभी हिस्सों में गांधीवादी शिक्षा मूल में है। यह हमारे संवैधानिक ढांचे में बिना लिखा सूत्र है। फिर भी यह कहना अति साहसी होगा कि हम ऐसा करने में सौ फीसद कामयाब रहे हैं। हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।’ उपराष्ट्रपति ने कहा कि इसे लागू करने की हमारी इच्छा है। यह कार्य प्रगति पर है और आगे भी जारी रहेगा। सामाजिक जीवन में पूर्णता जैसी कोई चीज नहीं होती है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया दोनों ज्यादातर युवा जनसंख्या वाले बहुलवादी लोकतंत्र हैं जो मूल्य साझा करते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के युवकों को जुड़ना चाहिए तथा एक समृद्ध भविष्य परिभाषित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय और बाली सभ्यताएं दोनों शांति एवं वैश्विक भाईचारे का दर्शन साझा करते हैं और इन मूल्यों को भी गांधी के रुख से मार्गदर्शन मिलता है।
इस बीच इंडोनेशिया माउंट बारूजरी में भयानक ज्वालामुखी विस्फोट के कारण उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की इंडोनेशिया से ब्रुनेई की यात्रा में एक दिन की देरी होगी क्योंकि गुरुवार तक तक हवाईअड्डा बंद होने के कारण उनका विमान उड़ान नहीं भर सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि उपराष्ट्रपति को स्थानीय समयानुसार एक बज कर 45 मिनट पर अपने विशेष विमान से ब्रुनेई के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन ज्वालामुखी विस्फोट के कारण बाली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे को बंद कर दिया गया है जिस कारण से उनकी उड़ान को रद्द कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें सूचित कर दिया है कि गुरुवार सवेरे पौने नौ बजे तक के लिए सारी उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। अंसारी की ब्रुनेई यात्रा के बारे में पूछे जाने पर अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही हालात पक्ष में होंगे, अंसारी ब्रुनेई रवाना हो जाएंगे।
लगातार ब्रेकिंग न्यूज, अपडेट्स, एनालिसिस, ब्लॉग पढ़ने के लिए आप हमारा फेसबुक पेज लाइक करें, गूगल प्लस पर हमसे जुड़ें और ट्विटर पर भी हमें फॉलो करें