अमेरिका के अलबामा में एक कैदी को अलग तरह से मौत की सज़ा दी गई। कैदी को नाइट्रोजन गैस देकर उसकी जान ली गई। गुरुवार रात हत्या के दोषी को नाइट्रोजन गैस सुंघाकर मौत की सजा दी गई है। अमेरिका में पहली बार मृत्युदंड के लिए इस तरीके का प्रयोग किया गया।
केनेथ स्मिथ नाम के इस व्यक्ति को हत्या का दोषी पाया गया था। 58 साल का केनेथ स्मिथ दुनिया में मौत की सज़ा पाने वाला ऐसा पहला मुजरिम बन गया है, जिसकी नाइट्रोजन गैस के ज़रिए जान ली गई हो। 1982 में जहरीले इंजेक्शन से मृत्युदंड दिए जाने का प्रावधान करने के बाद से अब तक इसका ही प्रयोग किया जा रहा था।
नाइट्रोजन गैस मास्क से दी गयी सजा
58 साल के केनेथ इयूजीन स्मिथ को पहले भी सज़ा-ए-मौत देने की कोशिश की गई थी, लेकिन तब वो बच गया था। स्मिथ को फेस मास्क के जरिए नाइट्रोजन गैस में सांस लेने के लिए मजबूर किया गया। ऐसा करने से उसे ऑक्सीजन मिलनी बंद हो गई। केनेथ को जैसे ही मास्क के माध्यम से नाइट्रोजन गैस दी गई उसका शरीर कांपने लगा और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। तकरीबन 22 मिनट के बाद उसके शरीर में ऐंठन आ गई और उसे मृत घोषित कर दिया गया।
चश्मदीदों के मुताबिक नाइट्रोजन गैस से केनेथ को मौत देने में कुल 22 मिनट लगे। इस बीच बहुत देर तक स्थिम होश में नजर आया। आख़िर के दो मिनट में उसे झटका लेते देखा गया। उसके शरीर में ऐंठन हो रही थी। अंत में उसकी सांसे भारी होती गई और फिर शरीर निष्प्राण हो गया। अलबामा प्रांत की एजेंसियों ने कहा था कि नाइट्रोजन गैस का तरीक़ा अपनाने से केनेथ कुछ ही सेकेंड में बेहोश हो जाएगा और चंद मिनटों में उसकी जान चली जाएगी, तकलीफ कम होगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
इंजेक्शन से सजा देने की भी कोशिश की गयी थी
सजा के दौरान स्मिथ के परिजन मौजूद रहे। बता दें कि 1988 में स्मिथ ने अपने साथी के साथ एक हजार डालर में एक महिला की हत्या कर दी थी। 1996 में उसे हत्या का दोषी करार देते हुए मौत की सजा सुनाई गई थी और 2002 में जहरीले इंजेक्शन के माध्यम से उसे सजा देने की कोशिश की गई थी लेकिन हाथ की नस नहीं मिलने के कारण उसे सजा नहीं दी जा सकी थी।
