चीन और ताइवान के बीच लगातार बढ़ती तल्खी से इस क्षेत्र में युद्ध की आशंका गहराती जा रही है। इस बीच अंतरराष्ट्रीय मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक चीन नार्थ ताइवान के एयरस्पेस को बंद करने की योजना पर विचार कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि चीन 16 से 18 अप्रैल तक ताइवान पर हवाई प्रतिबंध लगाएगा। इससे क्षेत्र के आसपास उड़ानें बाधित हो जाएंगी।
ताइवान के उत्तरी उड़ान सूचना क्षेत्र को बाधित करने के लिए लगेगा प्रतिबंध
रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि ये प्रतिबंध ताइवान के उत्तरी उड़ान सूचना क्षेत्र को बाधित करेगा। नो फ्लाई जोन बनाने की खबर उस वक्त आ रही है, जब चीन स्व-शासित ताइवान के आसपास कई दिनों से भीषण सैन्य प्रशिक्षण कर रहा है। ताइवान की विदेश मंत्री ने कहा है कि चीन अब हमले की तैयारी पूरी कर चुका है। ताइवान की राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन की हाल ही में कैलिफोर्निया में यूएस हाउस के स्पीकर केविन मैकार्थी के साथ बैठक हुई थी। इस बैठक से चीन भड़क गया है।
दक्षिण कोरिया, जापान और उत्तरी अमेरिका के बीच प्रभावित होंगी उड़ानें
मामले की प्रत्यक्ष जानकारी रखने वाले एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नो फ्लाई जोन से पूर्वोत्तर एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के बीच जाने वाली 60 प्रतिशत-70 प्रतिशत उड़ानें प्रभावित होंगी, साथ ही ताइवान और दक्षिण कोरिया, जापान और उत्तरी अमेरिका के बीच उड़ानें प्रभावित होंगी।
ताइवान का कहना है कि फिलहाल वह इन तथ्यों में कितनी सच्चाई है इसका पता लगा रहा है। चीन के वारशिप्स और फाइटर जेट्स अब भी ताइवान की सीमा के पास मंडरा रहे हैं। ताइवान रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वो लगातार चीनी सैनिकों पर नजर रख रहा है। चीन ने शनिवार को स्व-शासित ताइवान के आसपास तीन दिवसीय सैन्य अभ्यास शुरू किया, जिसमें उसने टारगेटेड अटैक पर फोकस रखा और द्वीप की नाकाबंदी का अभ्यास किया।
ताइवान के आसपास सैन्य अभ्यास चीन की कड़ी चेतावनी
चीन का कहना है कि ताइवान के आसपास उसका व्यापक स्तर पर किया गया सैन्य अभ्यास द्वीप राष्ट्र को ‘‘एक कड़ी चेतावनी’’ है। चीन के ताइवान से जुड़े मामलों के कार्यालय की प्रवक्ता झू फेंगलियन ने कहा, ‘‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने हाल ही में ताइवान जलडमरूमध्य और आसपास के समुद्री क्षेत्र में कई अभ्यास किए, जो ताइवान की स्वतंत्रता की समर्थक अलगाववादी ताकतों और बाहरी ताकतों की मिलीभगत और उकसावे के खिलाफ एक गंभीर चेतावनी है।’’
झू फेंगलियन ने कहा, ‘‘ देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए यह एक आवश्यक कार्रवाई है।’’ चीन का तीन दिवसीय व्यापक अभ्यास सोमवार को समाप्त हुआ। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष केविन मैक्कार्थी की ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन से पिछले सप्ताह कैलिफोर्निया में मुलाकात के बाद चीन की ओर से यह आक्रामक कार्रवाई की गई।