कैंब्रिज एनालिटिका डेटा लीक के बाद फेसबुक सवालों से घिरा है।यूएस सीनेट की ओर से तलब किए जाने पर फेसबुक ने कुल 454 पन्नों में दो हजार सवालों के जवाब दिए हैं। जिसमें फेसबुक ने यह स्वीकार किया है कि वह यूजर की निजी जानकारियां रखता है। इसमें यूजर की पसंद-नापसंद जानने के लिए कंप्यूटर के की-बोर्ड और माउस की गतिविधियों तक को जानता है।पसंद का पता चलने पर फेसबुक संबंधित यूजर को उसी तरह के विज्ञापन दिखाता है। फेसबुक किस हद तक यूजर्स की निजी जानकारियों में घुसपैठ करता है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यह यूजर की डिवाइस के बैट्री की भी निगरानी करता है। पता लगाता है कि फेसबुक ऐप यूजर की डिवाइस की कितनी बैटरी इस्तेमाल कर रहा है। अगर ज्यादा उपभोग की बात सामने आती है तो एप को फेसबुक अपडेट करता रहता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इतना ही नहीं फेसबुक यूजर्स की यह भी जानकारी रखता है कि उसके मोबाइल या कंप्यूटर में कौन-कौन सी फोटो है, कितना स्टोरेज बचा है और किसके नंबर सेव हैं। डिवाइस में यूजर किस तरह के एप इस्तेमाल करता है, इसकी भी जानकारी फेसबुक के पास रहती है। दरअसल फेसबुक से यूजर्स की निजी जानकारियां लीक होने की खबरों के बाद यूएस सीनेट ने संस्थापक मार्क जुकरबर्ग को तलब किया था।

उनसे प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर सवाल-जवाब भी किए थे। बाकि अन्य सवालों के जवाब के लिए उन्हें मौका दिया था। जिस पर अब जाकर जुकरबर्ग ने454 पन्नों में सीनेट को प्राइवेसी पॉलिसी आदि को लेकर जवाब भेजा है। इसमें फेसबुक यूजर्स की निजता लीक होने जैसी बातों का जवाब दिया गया है। अपने जवाब में फेसबुक ने कैमरा और माइक्रोफोन पर भी नजर रखने की बात स्वीकार कर ली है।