चीन के हेनान प्रांत में एक भीषण हादसा हुआ है। एक कोयले की खदान में भीषण विस्फोट हुआ है, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 6 लोग लापता बताए जा रहे हैं। कोयले और गैस के विस्फोट के कारण ये हादसा हुआ है। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

चीन की सरकारी मीडिया ‘सीसीटीवी’ ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार को पिंगदिंगशन में दोपहर लगभग 2 बजकर 55 मिनट पर हुई। कहा जा रहा है कि हादसा संभवत: कोयला और गैस में धमाके के कारण हुआ। सरकारी मीडिया संस्थान ‘चाइना डेली’ की खबर में स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि हादसे में दस लोगों की मौत हो गई है। यह दुर्घटना ‘पिंगदिंगशान तियनान कोल माइनिंग कंपनी लिमिटेड’ की एक कोयला खदान में हुई।

जिस समय दुर्घटना हुई, खदान में कुल 425 लोग काम कर रहे थे, जिनमें से 380 को बाहर निकाल लिया गया है। बचाव कार्य जारी है। कोयला खदान के प्रभारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। चीन में खनन के दौरान दुर्घटनाएं आम हैं। हालांकि हाल के वर्षों में मौतों की संख्या में कमी आई है। चीन दुनिया का सबसे बड़ा कोयले का उत्पादक और उपभोक्ता है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार घटना के बाद आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने तुरंत स्थल पर एक टीम को तैनात किया है। 2022 के आधिकारिक आंकड़ों से पता चला कि चीन में 168 खनन दुर्घटनाओं में 245 मौतें हुईं हैं। वहीं चीन के हेईलोंगजिआंग प्रांत में कोयले की खदान में दुर्घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि 13 लोग घायल हुए हैं।

यमन में हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर हमला

यमन में एक साथ कई हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर अमेरिका और ब्रिटेन ने हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में हूती विद्रोहियों को भारी नुकसान हुआ है। दोनों देशों ने हूती विद्रोहियों के ठिकानों पर बमबारी की है। जानकारी के मुताबिक हूती ठिकानों पर टॉमहॉक मिसाइलों और लड़ाकू जेट विमानों से हमला कर उसके लॉजिस्टिक हब, वायु रक्षा प्रणाली और हथियारों के जखीरे को निशाना बनाया गया है। माना जा रहा है कि इन हवाई हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ सकता है।