पाकिस्तान के कई हिस्सों में रविवार (10 अप्रैल) को आए भूकंप के शक्तिशाली झटकों के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ कर छह हो गयी है।
अधिकारियों ने सोमवार (11 अप्रैल) बताया कि कल भूकंप का केन्द्र अफगानिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्र से 10-15 सेकेंड की दूरी पर स्थित था। यह भूकंप ताजिकिस्तान की हिन्दूकुश पहाड़ियों में जमीन से 236 किलोमीटर नीचे केन्द्रित था।
अधिकारियों ने बताया कि पांच लोगों की मौत खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में हुयी जबकि एक व्यक्ति की मौत गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के डैमर इलाके में हुयी। उन्होंने बताया कि पेशावर में 28 लोग घायल हो गये हैं। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में भी भूकंप का झटका महसूस किया गया। राजधानी शहर इस्लामाबाद में डर के मारे लोग अपने घरों से बाहर निकल गये। पाकिस्तानी अधिकारियों ने बताया कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.1 मापी गयी।