दुबई में एक अरब डॉलर की लागत से ऐसा टावर बनाने की तैयारी है जो बुर्ज खलीफा से भी ऊंचा होगा। बुर्ज खलीफा फिलहाल दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है।

प्रॉपर्टी डेवलपर एम्मार ने कहा कि दुबई के क्रीक हार्बर में छह वर्ग किलोमीटर का मास्टर डेवलपमेंट 828 मीटर के बुर्ज खलीफा से कुछ ऊंचा होगा।

एम्मार प्रापर्टीज के चेयरमैन मोहम्मद अलाबर ने सोमवार को कहा कि अभी हम इस टावर की ऊंचाई के बारे में नहीं बता रहे हैं। जब हम इस टावर को खोलेंगे तब इसकी ऊंचाई के बारे में बताएंगे। यह बुर्ज खलीफा से कुछ ऊंचा होगा।

उन्होंने कहा कि इसकी लागत एक अरब डॉलर होगी। अलाबर ने कहा, ‘इस तरह की परियोजना के वित्त पोषण की बात आने पर निसंदेह हमें आमदनी के मॉडल पर विचार करना है। इस तरह के स्मारक में 18 मंजिलें होंगी और सबसे ऊपर एक बुटीक होटल होगा, कंपनी के पास इसके वित्त पोषण के लिए पर्याप्त संसाधन हैं। लेकिन मुझे लगता है कि यह 50 फीसदी इक्विटी और 50 फीसदी ऋण पर आधारित होगा।’