अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार शाम स्विटजरलैंड के दावोस पहुंचे। यहां उन्होंने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम मंच से यूरोपीय देशों को आड़े हाथ लिया। उन्होंने मंच से कहा कि मैं यूरोप को अच्छा करते हुए देखना चाहता हूं, लेकिन यह अभी सही दिशा में नहीं जा रहा है।

वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यूरोप की कुछ इलाके अब पहचानने लायक नहीं हैं। हम इस पर लंबी बात कर सकते हैं लेकिन इसे जाने देते हैं।

‘यूरोप सही दिश में नहीं जा रहा’

रायटर्स के मुताबिक, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “यूरोप की कुछ जगहें, सच कहूं तो, अब पहचानने लायक नहीं रहीं। हम इस पर बहस कर सकते हैं, लेकिन कोई बहस नहीं करते हैं। मैं किसी का अपमान नहीं करना चाहता और यह नहीं कहना चाहता कि मैं इसे नहीं पहचानता और यह पॉजिटिव तरीके से नहीं है। यह बहुत नेगेटिव तरीके से है। मुझे यूरोप से प्यार है और मैं यूरोप को अच्छा करते हुए देखना चाहता हूं, लेकिन यह सही दिशा में नहीं जा रहा है।”

‘अमेरिका इस धरती का इकोनॉमिक इंजन’

उन्होंने कहा, “संयुक्त राज्य अमेरिका इस धरती का इकोनॉमिक इंजन है। जब अमेरिका में तेजी आती है, तो पूरी दुनिया में तेजी आती है। यह इतिहास रहा है, जब हालात खराब होते हैं, तो सभी देश भी हमारे साथ नीचे जाते हैं।”

आगे कहा कि आज दोपहर मैं इस बारे में बात करना चाहता हूं कि हमने यह इकोनॉमिक चमत्कार कैसे हासिल किया, हम अपने नागरिकों के लिए जीवन स्तर को ऐसे लेवल तक कैसे बढ़ाना चाहते हैं जो पहले कभी नहीं देखे गए, और शायद आप भी और जिन जगहों से आप आते हैं, वे भी हमारे काम करने के तरीके को अपना कर बहुत बेहतर कर सकते हैं।”

वेनेजुएला को लेकर कही ये बात

आगे डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “मेरी लीडरशिप में, अमेरिका में नेचुरल गैस का प्रोडक्शन अब तक के सबसे ऊंचे लेवल पर है। अमेरिका में तेल का प्रोडक्शन रोज़ाना 730,000 बैरल बढ़ गया है।”

वेनेजुएला पर बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “पिछले हफ़्ते, हमने अकेले वेनेजुएला से 50 मिलियन बैरल तेल लिया। वेनेजुएला इतने सालों तक एक शानदार जगह थी, लेकिन फिर अपनी पॉलिसीज़ की वजह से यह खराब हो गई। 20 साल पहले, यह एक महान देश था, और अब इसे दिक्कतें हैं, लेकिन हम उनकी मदद कर रहे हैं और उन 50 मिलियन बैरल को हम उनके साथ बांटेंगे, और वे ज़्यादा पैसे कमाएंगे। वेनेजुएला बहुत अच्छा करेगा। हमले खत्म होने के बाद से हम बहुत अच्छा सहयोग दे रहे हैं। वेनेजुएला अगले छह महीनों में पिछले 20 सालों में कमाए गए पैसों से ज़्यादा पैसे कमाएगा। हर बड़ी तेल कंपनी हमारे साथ आ रही है। यह कमाल का है। यह देखना एक खूबसूरत बात है। देश की लीडरशिप बहुत अच्छी रही है।”

‘कोई भी देश ग्रीनलैंड को सुरक्षित नहीं रख सकता’

डोनाल्ड ट्रंप कहते हैं, “मेरे दिल में ग्रीनलैंड के लोगों और डेनमार्क के लोगों दोनों के लिए बहुत सम्मान है। लेकिन हर NATO सहयोगी की यह जिम्मेदारी है कि वह अपने इलाके की रक्षा कर सके, और सच तो यह है कि अमेरिका के अलावा कोई भी देश या देशों का समूह ग्रीनलैंड को सुरक्षित रखने की स्थिति में नहीं है। हम एक बड़ी शक्ति हैं, जितनी लोग समझते हैं उससे कहीं ज़्यादा। मुझे लगता है कि उन्हें यह बात दो हफ़्ते पहले वेनेज़ुएला में पता चली।”

ग्रीनलैंड को बताया बर्फ का बड़ा टुकड़ा

आगे कहा, “हमने यह दूसरे विश्व युद्ध में देखा था, जब डेनमार्क सिर्फ़ छह घंटे की लड़ाई के बाद जर्मनी के सामने हार गया था और वह न तो खुद की और न ही ग्रीनलैंड की रक्षा कर पाया था। इसलिए अमेरिका ने मोर्चा संभाला, हमने ऐसा किया, हमने इसे अपनी जिम्मेदारी समझा, कि हम अपनी सेना भेजकर ग्रीनलैंड के इलाके को अपने कब्ज़े में लें और बहुत अधिक लागत और खर्च पर उसे बचाए रखें। उन्हें वहाँ पहुँचने का कोई मौका नहीं मिला और उन्होंने कोशिश की। डेनमार्क यह जानता है। हमने सचमुच डेनमार्क के लिए ग्रीनलैंड में बेस बनाए। हमने डेनमार्क के लिए लड़ाई लड़ी। हम किसी और के लिए नहीं लड़ रहे थे। हम इसे डेनमार्क के लिए बचाने के लिए लड़ रहे थे। बर्फ का एक बड़ा, सुंदर टुकड़ा। इसे ज़मीन कहना मुश्किल है। यह बर्फ का एक बड़ा टुकड़ा है। लेकिन हमने ग्रीनलैंड को बचाया और अपने दुश्मनों को हमारे गोलार्ध में पैर जमाने से सफलतापूर्वक रोका।”

डेनमार्क एहसानफरामोश हैं- ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने आगे ग्रीनलैंड को लेकर कहा, “युद्ध के बाद, हमने ग्रीनलैंड डेनमार्क को वापस दे दिया। ऐसा करना हमारी कितनी बड़ी बेवकूफी थी? लेकिन हमने ऐसा किया। लेकिन हमने इसे वापस दे दिया। लेकिन अब वे कितने एहसानफरामोश हैं? तो अब हमारे देश और दुनिया को पहले से कहीं ज़्यादा बड़े खतरों का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि मिसाइलों की वजह से, न्यूक्लियर की वजह से, युद्ध के ऐसे हथियारों की वजह से जिनके बारे में मैं बात भी नहीं कर सकता। दो हफ्ते पहले, उन्होंने ऐसे हथियार देखे जिनके बारे में किसी ने कभी नहीं सुना था। वे हम पर एक भी गोली नहीं चला पाए। उन्होंने कहा, क्या हुआ? सब कुछ गड़बड़ हो गया था।”

ग्रीनलैंड बिना आबादी वाला और अविकसित इलाका

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “ग्रीनलैंड एक बहुत बड़ा, लगभग पूरी तरह से बिना आबादी वाला और अविकसित इलाका है। यह अमेरिका, रूस और चीन के बीच एक अहम रणनीतिक जगह पर बिना किसी सुरक्षा के है। हमें यह रणनीतिक राष्ट्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चाहिए। यह विशाल असुरक्षित द्वीप असल में उत्तरी अमेरिका का हिस्सा है, जो पश्चिमी गोलार्ध की उत्तरी सीमा पर है।”

आगे दावा करते हुए कहा,”वह हमारा इलाका है। इसलिए यह संयुक्त राज्य अमेरिका के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा का एक मुख्य हित है और असल में, सैकड़ों सालों से हमारी यह नीति रही है कि बाहरी खतरों को हमारे गोलार्ध में आने से रोका जाए और हमने इसे बहुत सफलतापूर्वक किया है। हम अभी जितने मजबूत हैं, उतने पहले कभी नहीं थे।”

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा, “अमेरिका के साथ नाटो बहुत गलत व्यवहार कर रहा है। हम उन्हें इतना कुछ देते हैं, और बदले में हमें (अमेरिका को) बहुत कम मिलता है। मैं कई सालों से नाटो का आलोचक रहा हूँ। मैंने किसी भी दूसरे राष्ट्रपति के मुकाबले नाटो की मदद के लिए अधिक किया है। अगर मैं अपने पहले कार्यकाल में शामिल नहीं होता, तो नाटो नहीं बचता। यूक्रेन के साथ युद्ध इसका एक उदाहरण है।

‘2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में धांधली’

यह एक ऐसा युद्ध है जो कभी शुरू नहीं होता अगर 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में धांधली नहीं हुई होती। यह एक धांधली वाला चुनाव था। अब सब जानते हैं। उन्हें पता चल गया है। लोगों को जल्द ही उनके किए के लिए सज़ा मिलेगी।” आगे पढ़िए डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा और ग्रीनलैंड के नक्शे पर दिखाया अपना कब्जा, नाटो के लिए कह दी ये बात