फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा एयरलाइन के विमान में एक शव मिलने से हड़कंप मच गया। यह विमान तेहरान से पहुंचा था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में इसकी जानकारी दी गई।

ईरान से फ्रैंकफर्ट पहुंचे लुफ्थांसा एयरलाइंस की एक फ्लाइट में लाश मिली है। जर्मन डेली Bild के मुताबिक लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट LH 601 बृहस्पतिवार (27 अक्टूबर) को तेहरान से फ्रैंकफर्ट पहुंची थी। यात्रियों के विमान से उतरने के बाद रूटीन मेंटेनेंस के लिए हैंगर पर ले जाया गया। इसी दौरान कर्मियों की निगाह लाश पर पड़ी।

व्यक्ति की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं: जर्मन अखबार बिल्ड ने बताया कि जर्मन कंपनी लुफ्थांसा के इस विमान ने गुरुवार की सुबह तेहरान से उड़ान भरी थी। पुलिस ने कहा कि ग्राउंड क्रू को रखरखाव का काम करते हुए शव मिला। जर्मनी के एक स्थानीय ब्रॉडकास्टर ने बताया कि शव मिलने से चार घंटे पहले काम चल रहा था। पुलिस ने शव के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और न ही व्यक्ति की पहचान के बारे में कोई जानकारी दी। जर्मन प्रेस एजेंसी डीपीए ने कहा कि शुक्रवार सुबह के लिए निर्धारित इसी उड़ान को रद्द कर दिया गया था।

ईरानी नागरिकों के जर्मनी में प्रवेश पर लग सकता है प्रतिबंध: विमान के अंडरकैरेज में शव मिलने से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया। लुफ्थांसा और फेडरल पुलिस ने जहां इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। वहीं, फ्रैंकफर्ट पुलिस इस मामले पर टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं थी।

जर्मनी में ईरान की एक बड़ी आबादी है, जिनमें से हजारों लोग ईरान में चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों के समर्थन में शनिवार को बर्लिन की सड़कों पर उतर आए। विदेश मंत्री एनालेना बारबॉक ने भी तेहरान के खिलाफ ईरानी नागरिकों पर प्रवेश प्रतिबंध लगाने की योजना के बारे में जानकारी दी है।

लुफ्थांसा के पायलटों ने की थी हड़ताल: वहीं, जर्मन एयरलाइंस लुफ्थांसा के पायलटों ने सितंबर 2022 में एक दिन की हड़ताल की थी। इस हड़ताल की वजह से लुफ्थांसा को अपनी 800 उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं, इससे लगभग 1,30,000 यात्री प्रभावित हुए थे। जिसके बाद लुफ्थांसा म्यूनिख श्रम अदालत में हड़ताल के खिलाफ अस्थायी निषेधाज्ञा के लिए अपनी अपील लेकर गई थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था।