कांगो की एक जेल से भागने की कोशिश में सैकड़ों लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि राजधानी में कांगो की मुख्य जेल से भागने के प्रयास के दौरान कम से कम 129 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से अधिकांश भगदड़ में मारे गए।
कांगो के आंतरिक मंत्री जैक्विमिन शबानी ने सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि आकलन से पता चला है कि सोमवार तड़के किंशासा में मकाला जेल से भागने की कोशिश कर रहे 24 कैदियों को गोली मार दी गई। मंत्री ने कहा कि गोली चलाने से पहले कैदियों को चेतावनी भी दी गयी थी।
कैदियों ने बताया कि जेल के अंदर रविवार आधी रात से लेकर सोमवार सुबह तक गोलीबारी होती रही। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने पहले कहा था कि घटना के दौरान केवल दो मौतों की पुष्टि की गई थी, हालांकि, यह आंकड़ा विवादित माना गया। उन्होंने कहा, “59 घायल लोगों की सरकार ने देखभाल की है, साथ ही महिलाओं के साथ बलात्कार के कुछ मामले भी हैं।” उन्होंने कहा कि जेल में व्यवस्था बहाल कर दी गई है, जिसका कुछ हिस्सा हमले में जला दिया गया था।
कांगो की मकाला जेल में 12 हजार से अधिक कैदी
एमनेस्टी इंटरनेशनल ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में कहा कि 1500 लोगों की क्षमता वाली कांगो की मुख्य जेल मकाला जेल में 12,000 से अधिक कैदी हैं, जिनमें से अधिकांश ट्रायल के इंतजार में हैं। भीड़ के चलते यहां कई बार कैदियों ने भागने की कोशिश की है। 2017 में ऐसी ही एक घटना सामने आई थी जब एक धार्मिक संप्रदाय के अटैक के चलते दर्जनों लोग फरार हो गए थे।
जेल के कुछ वीडियो में जमीन पर पड़े शव देखे जा सकते थे, जिनमें से कई पर चोटें दिख रही थीं। एक अन्य वीडियो में मृत कैदियों को एक वाहन में ले जाते हुए दिखाया गया है। हालांकि, जेल में जबरन एंट्री के कोई संकेत नहीं थे। सुरक्षा बलों ने अब स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। जेल राष्ट्रपति भवन से 5 किलोमीटर दूर शहर के केंद्र में स्थित है। न्याय मंत्री कॉन्स्टेंट मुतांबा ने एक्स पर कहा कि तोड़फोड़ करने वालों की पहचान करने और उन्हें कड़ी सजा देने के लिए जांच चल रही है।
