मॉस्की की एक अदालत ने रूस की सेना के खिलाफ झूठी जानकारी फैलाने के आरोप में प्रतिष्ठित फिल्म निर्माता अलेक्जेंडर रोदन्यांस्की और रंगमंच निदेशक इवान वैरीपायेव को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। रोदन्यांस्की और वैरीपायेव के खिलाफ अदालत में शुरूआती सुनवाई 27 अप्रैल को हुई थी। रोदन्यांस्की और वैरीपायेव रूस से बाहर हैं। उनका प्रत्यर्पण होने पर रूस के अधिकारी उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।

यूक्रेन पर हमले के बाद रोदन्यांस्की ने छोड़ दिया था रूस

कीव में पैदा हुए रोदन्यांस्की हाल के दशकों में रूसी सिनेमा को गहरे तक प्रभावित करने वाली शख्सियत रहे हैं। फरवरी 2022 में यूक्रेन पर हमले के बाद उन्होंने रूस छोड़ दिया था। वो बार-बार युद्ध के खिलाफ आवाज़ भी बुलंद करते रहे। अक्टूबर 2022 में रूस के न्याय मंत्रालय ने रोदन्यांस्की को विदेशी एजेंट करार दिया था।

कई सालों से पोलैंड के वारसॉ में रह रहे हैं वैरीपायेव

जाने-माने नाटककार, निर्देशक और अभिनेता वैरीपायेव कई सालों से पोलैंड के वारसॉ में रह रहे हैं और वहीं काम कर रहे हैं। उन्होंने यूक्रेन पर रूस के हमले के खिलाफ आवाज उठाई थी। उन्होंने व्लादीमिर पुतिन की तीखी आलोचना की थी। वो रूसी सेना के खिलाफ भी अपनी आवाज उठाते रहते हैं। रूस के गृह मंत्रालय ने वैरीपायेव को वांटेड की लिस्ट में शामिल कर दिया है।

यूरोपीय नेताओं का दो दिवसीय शिखर सम्मेलन खत्म

यूरोपीय नेताओं का दो दिवसीय शिखर सम्मेलन बुधवार को खत्म हो गया, जिसमें एक ऐसा सिस्टम स्थापित करने की योजना को अंतिम रूप दिया गया, जिसमें यूक्रेन को हो रहे नुकसान का निर्धारण किया जा सके। इन नेताओं को उम्मीद है कि रूस को युद्ध की समाप्ति पर पीड़ित देश को मुआवजा देने और इसके पुननिर्माण में मदद के लिए बाध्य किया जा सकता है।

आइसलैंड की राजधानी रेक्जेविक में बैठक के दौरान यूक्रेन पर रूसी हमला सबसे प्रमुख मुद्दा था। यूरोप की परिषद (काउंसिल ऑफ यूरोप) के प्रतिनिधियों ने इस बात पर मंथन किया कि कैसे मानवाधिकार संगठन कीव का समर्थन कर सकते हैं। शिखर सम्मेलन में नुकसान की लिस्ट तैयार की गई। इस रजिस्टर के ‘द हेग’ में रखे जाने की उम्मीद है।