चीन की रोंगान काउंटी में एक प्राथमिक विद्यालय के भूस्खलन की चपेट में आने से कम से कम 22 छात्र घायल हो गए। सरकारी मीडिया ने शुक्रवार (22 अप्रैल) को यह जानकारी दी है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश की वजह से गुआंगशी झुआंग स्वायत्त क्षेत्र की फुशी टाउनशिप के लियुलियाओ गांव में गुरुवार (21 अप्रैल) दोपहर भूस्खलन आया।
काउंटी के उप प्रमुख जिआंग यू ने बताया कि भूस्खलन की वजह से स्कूल की कक्षाओं की दीवारें ढह गईं। अब तक 22 छात्रों और स्कूल भोजनालय के एक कर्मी सहित 23 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से दो गंभीर रूप से घायल हैं। सरकारी संवाद समिति शिन्हुआ ने खबर दी है कि एक का पैर टूट गया है जबकि दूसरे के सिर में गंभीर चोट आई है। जिआंग के मुताबिक, स्कूल के सभी 149 छात्रों और 12 शिक्षकों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है।