चीन पर 75 साल बाद बड़ी आफत ने दस्तक दी है। अब तक के सबसे शक्तिशाली चक्रवाती तूफान बेबिन्का ने सोमवार सुबह शंघाई में दस्तक दी। चक्रवात बेबिन्का के करीब आने के मद्देनजर शंघाई ने सैकड़ों फ्लाइट्स रद्द कीं। चक्रवात के प्रभाव से निपटने की तैयारियों में जुटे शंघाई प्रशासन ने रविवार को विभिन्न हवाई अड्डों से प्रस्तावित सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दीं।
एयर पोर्ट के अधिकारियों ने एक बयान में बताया कि स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे के बाद शंघाई के होंगकिआओ और पुडोंग एयर पोर्ट से प्रस्तावित सभी फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। इस फैसले से 600 से अधिक उड़ानें प्रभावित होंगी। शंघाई प्रशासन ने कुछ पुलों और हाईवे पर यातायात आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। चक्रवात बेबिन्का शंघाई तट से कुछ सौ किलोमीटर दूर है।
चीन मौसम विज्ञान प्रशासन के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से क्षेत्र में चलने वाली हवाओं के 151 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने की संभावना है, जिसके चलते ‘बेबिन्का’ को एक तीव्र चक्रवात के रूप में वर्गीकृत किया गया है।
सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर रोक
सरकारी मीडिया की खबर के अनुसार, चक्रवात के मद्देनजर शंघाई के एक जिले से 9,318 लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। वहीं, पास के झाउशान शहर में होटल, रेस्तरां, सुपरमार्केट और दुकानें दिन में जल्दी बंद कर दी गईं और सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी रोक दी गईं।
ताइवान की सीमा में क्या कर रहे चीनी एयरक्राफ्ट और जंगी जहाज? रक्षा मंत्रालय ने किया बड़ा दावा
सरकारी मीडिया की खबर के मुताबिक, चक्रवात से पूर्वी तट के सबसे ज्यादा प्रभावित होने की आशंका है और वहां कुछ हिस्सों में 10 इंच (254 मिलीमीटर) तक बारिश हो सकती है।
1949 में चीन में तूफान के कारण कई हिस्सों में भारी तबाही हुई थी
इससे पहले 1949 में चीन में तूफान के कारण कई हिस्सों में भारी तबाही हुई थी। चीनी मौसम विभाग को अंदेशा है कि बेबिन्का का कहर उससे भी ज्यादा खतरनाक हो सकता है। आज शहर के कई हिस्सों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। शहर की 250 करोड़ की आबादी को घर के अंदर बने रहने और सावधान रहने की अपील की गई है। सरकार के निर्देश पर चार आपातकालीन टीम को अलर्ट पर रखा गया है।
चीनी मौसम विभाग ने शंघाई में रेड अलर्ट जारी किया है। शंघाई में सोमवार को कुछ घंटों के लिए रेल सेवाओं को बंद रखा जाएगा। वहीं पब्लिक ट्रांसपोर्ट और बाजार को बंद कर दिया गया है।