पड़ोसी देश चीन से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) की एक रिपोर्ट के अनुसार चीन में एक 8 वर्षीय लड़की लगभग एक महीने तक जीवित कीड़ों की उल्टी करती रही। लड़की को डॉक्टरों ने मोथ फ्लाई लार्वा से प्रभावित पाया। जियांग्सू प्रांत के यंग्ज़हौ शहर की यह लड़की बार-बार 1 सेमी लंबे कीड़े उगल रही थी। हालांकि परिवार का कोई अन्य सदस्य इससे प्रभावित नहीं था।
कीड़े उगलती थी लड़की
लड़की के पिता ने डॉक्टरों को बताया कि वह हर बार मुट्ठी भर कीड़े उगलती थी। कई अस्पतालों में जाने के बावजूद, इसका कारण तब तक स्पष्ट नहीं हो पाया जब तक कि उसे सूचो विश्वविद्यालय के बच्चों के अस्पताल में एक विशेषज्ञ ने नहीं दिखाया गया। डॉ. झांग बिंगबिंग ने परिवार को कीड़ों को स्थानीय रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र में ले जाने की सलाह दी। वहां, विशेषज्ञों ने उन्हें नाली की मक्खियों के लार्वा के रूप में पहचाना, जिन्हें मोथ मक्खियां भी कहा जाता है जो बाथरूम और रसोई जैसे नम क्षेत्रों में पाए जाने वाले आम कीड़े हैं।
यंग्ज़हौ रोग नियंत्रण केंद्र के एक विभाग प्रमुख जू यूहुई ने SCMP को बताया, “जब बच्ची अपने दांत ब्रश करती है या शौचालय को फ्लश करती है, तो कीड़े पानी के छींटों के माध्यम से उसके सिस्टम में प्रवेश कर सकते हैं।” उन्होंने कहा कि ग्राउंड वॉटर सोर्स लार्वा द्वारा दूषित हो सकता है।
चीन में यह समस्या आम
चीन के दक्षिणी भागों में उमस भरी गर्मियों के दौरान नाली की मक्खियां अधिक आम हैं। हालांकि वे ब्लॅडफ्लो के माध्यम से बीमारियां नहीं फैलाती हैं, लेकिन अगर उनके लार्वा निगल लिए जाएं तो वे स्वास्थ्य समस्याए पैदा कर सकती हैं।
जू यूहुई ने लोगों को अपने हाथों से मक्खियों को न मारने की भी चेतावनी दी। SCMP से उन्होंने कहा, “उनके द्वारा लाए गए बैक्टीरिया आपके हाथ पर रह सकते हैं और जब आप अपनी आंखें रगड़ते हैं तो आपके शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।” रोग नियंत्रण विशेषज्ञ कीड़ों को मारने के लिए नमक और बेकिंग सोडा मिला हुआ उबलता पानी नालियों में डालने की सलाह देते हैं। हालांकि उन्हें रोकने का सबसे अच्छा तरीका बाथरूम और रसोई को साफ और सूखा रखना है।