ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने रविवार को सीक्रेट इंटेलिजेंस सर्विस (MI6) की पहली महिला प्रमुख नियुक्त की। ब्लेज़ मेट्रेवेली एजेंसी के 116 साल पुराने इतिहास में 18वीं प्रमुख नियुक्त की गई हैं और MI6 का नेतृत्व करने वाली पहली महिला हैं। सरकारी आदेश में कहा गया, “ऐसे समय में जब यूनाइटेड किंगडम को अपने विरोधियों से बढ़ते खतरों का सामना करना पड़ रहा है, तब मेट्रेवेली को MI6 का चीफ नियुक्त किया जाता है।”
जानें ब्रिटिश पीएम ने क्या कहा
कीर स्टारमर ने कहा, “ब्लेज़ मेट्रेवेली की ऐतिहासिक नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब हमारी खुफिया सेवाओं का काम पहले से कहीं ज़्यादा महत्वपूर्ण हो गया है। यूनाइटेड किंगडम खतरों का सामना कर रहा है चाहे वे हमलावर हों जो हमारे जल क्षेत्र में अपने जासूसी जहाज भेजते हैं या हैकर जिनकी साइबर साजिशें हमारी सार्वजनिक सेवाओं को बाधित करना चाहती हैं।”
ब्रिटिश पीएम ने सर रिचर्ड मूर को भी धन्यवाद दिया, जो इस रिटायर हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं सर रिचर्ड मूर को उनकी समर्पित सेवा के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं और मुझे पता है कि ब्लेज़ हमारे देश की रक्षा करने और हमारे लोगों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक नेतृत्व प्रदान करना जारी रखेंगी।”
ब्लेज मेट्रेवेली कौन हैं?
47 वर्षीय मेट्रेवेली वर्तमान में ‘Q’ की डायरेक्टर जनरल हैं। ये MI6 में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के लिए जिम्मेदार हैं। मेट्रेवेली इससे पहले MI5 में निदेशक स्तर की भूमिका निभा चुकी हैं। कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के पेम्ब्रोक कॉलेज से एंथ्रोपोलॉजी में ग्रेजुएट ब्लेज 1999 में खुफिया सेवा में शामिल हुईं। मेट्रेवेली ने अपने करियर का अधिकांश समय मध्य पूर्व और यूरोप में काम करते हुए बिताया। बीबीसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2024 में किंग्स ओवरसीज और इंटरनेशनल बर्थडे ऑनर्स लिस्ट में (जो वैश्विक स्तर पर यूके को असाधारण सेवा देने वाले लोगों को मान्यता देती है) उन्हें ब्रिटिश विदेश नीति में उनकी सेवाओं के लिए कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर ऑफ सेंट माइकल एंड सेंट जॉर्ज (CMG) से सम्मानित किया गया था।
मेट्रेवेली ने क्या कहा?
प्रेस रिलीज के अनुसार MI6 के प्रमुख के रूप में नियुक्त किए जाने पर मेट्रेवेली ने कहा, “मुझे अपनी सेवा का नेतृत्व करने के लिए कहा जाना गर्व और सम्मान की बात है। MI6 ब्रिटिश लोगों को सुरक्षित रखने और विदेशों में यूके के हितों को बढ़ावा देने में MI5 और GCHQ के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।मैं MI6 के बहादुर अधिकारियों और एजेंटों और हमारे कई अंतरराष्ट्रीय भागीदारों के साथ मिलकर उस काम को जारी रखने के लिए उत्सुक हूं।”
MI6 प्रमुख की जिम्मेदारियां क्या हैं?
सरकारी रिलीज के अनुसार, ‘C’ के रूप में जिक्र किए जाने वाले प्रमुख के पास MI6 के लिए परिचालन जिम्मेदारी होती है और वे विदेश सचिव के प्रति जवाबदेह होते हैं। ‘C’ अन्य विभागों के प्रमुखों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ संयुक्त खुफिया समिति का भी हिस्सा है। यह खुफिया रिपोर्ट प्राप्त करता है और वर्तमान चल रही स्थितियों का विश्लेषण करता है और प्रधानमंत्री को सलाह देता है।
सर रिचर्ड मूर ने क्या कहा?
MI6 के निवर्तमान प्रमुख सर रिचर्ड मूर ने अपने उत्तराधिकारी के रूप में मेट्रेवाली पर अपना विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं अपने सहकर्मी ब्लेज़ मेट्रेवेली की ‘सी’ के रूप में मेरी जगह लेने की इस ऐतिहासिक नियुक्ति से बेहद खुश हूं। ब्लेज़ एक बेहद कुशल खुफिया अधिकारी और लीडर हैं। मैं MI6 की पहली महिला प्रमुख के रूप में उनका स्वागत करने के लिए उत्साहित हूं।”