पाकिस्तान के पेशावर में शुक्रवार को एक आत्मघाती हमला हुआ है। इस बम विस्फोट में 45 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 50 से ज्यादा घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार पेशावर के किस्सा ख्वानी बाजार में स्थित एक शिया मस्जिद के अंदर ये शक्तिशाली बम विस्फोट हुआ है।
बताया जाता है कि जब आत्मघाती हमलावर मस्जिद में घुस रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश भी की थी। गोलियां भी चलाईं थीं। लेकिन वो हमलावरों को रोकने में नाकाम रहे। पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार मीडिया से बात करते हुए, पहले सीसीपीओ पेशावर मुहम्मद एजाज खान ने कम से कम 30 लोगों की मौत की पुष्टि की थी और कहा कि यह एक आत्मघाती बम विस्फोट था। हालांकि अब मरने वालों की संख्या बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार दो हमलावरों ने मस्जिद में प्रवेश करने की कोशिश की। ड्यूटी पर मौजूद पुलिस अधिकारियों पर फायरिंग की गई, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई भी की। इस हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी की घटना के बाद मस्जिद के अंदर विस्फोट हुआ।
मिली जानकारी के अनुसार बम निरोधक दस्ते ने पुष्टि की कि हमले में इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों का वजन लगभग पांच से छह किलोग्राम था और ये घर में ही बनाया गया था। इस हमले की किसी भी संगठन ने अबतक जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन इस्लामिक स्टेट समूह और एक हिंसक पाकिस्तानी तालिबान संगठन ने पहले अफगानिस्तान की सीमा के पास इसी तरह के हमले किए हैं। जिससे उनपर भी इस हमले का शक जा रहा है।
वहीं पाकिस्तान के गृहमंत्री शेख राशिद अहमद ने पुष्टि की कि यह एक आत्मघाती हमला था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मंत्रालय को हमले के बारे में कोई पूर्व सूचना नहीं थी।
बता दें कि बहुसंख्यक सुन्नी मुस्लिम पाकिस्तान में अल्पसंख्यक शिया मुसलमानों पर कई बार हमले हो चुके हैं। जिसमें सैकड़ों पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो चुकी है।