Murder Of Indian Origin In USA: अमेरिका में रह रहे भारतीय मूल के एक नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमले में उनकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना अमेरिका के जॉर्जिया में हुई। पुलिस के मुताबिक 20 जनवरी को तीन नकाबपोश हमलावरों ने जॉर्जिया के हार्टले ब्रिज रोड के निकट थोरब्रेड लेन पर पहुंचे और भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक पिनाल पटेल (52) को गोली मार दी। वह उस समय अपने घर जा रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और बेटी भी थी। हमले में वे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गईं।

वारदात में पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल

बिब काउंटी शेरिफ कार्यालय ने सोमवार को एक बयान जारी कर बताया कि हमलावरों का पटेल ने विरोध किया तो उन्होंने एक के बाद एक कई गोलियां चला दीं। घटना में पिनाल, उनकी पत्नी रूपलबेन पटेल और बेटी भक्ति पटेल तीनों घायल हो गईं। उनको फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां पिनाल को मृत घोषित कर दिया गया। रूपलबेन और उनकी बेटी की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

एक दिन पहले ही एक भारतीय छात्र की भी हुई थी हत्या

अमेरिका में हाल के दिनों में भारतीयों पर हमला करने की घटनाएं बढ़ी हैं। एक हफ्ते में हत्या की यह दूसरी वारदात है। रविवार को शिकागो में डकैती की एक घटना के दौरान गोली लगने से 23 वर्षीय एक भारतीय छात्र की मौत हो गई थी और उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया था। बयान में कहा गया है कि तीन नकाबपोश बदमाश सड़क पर काले रंग के एक वाहन की ओर भागे, जिसमें एक चौथा व्यक्ति भी बैठा था। हालांकि घटना के दौरान वह भाग निकला। हमलावरों ने पिनाल पटेल से कोई लूटपाट नहीं की। पुलिस हमलावरों और उनके वाहन का पता लगाने में जुटी है।

पिछले साल अमेरिका के इंडियाना स्टेट से एक भारतीय मूल के छात्र की हत्या कर दी गई थी। हत्या के आरोप में उसके साथ रहने वाले कोरियाई छात्र को हिरासत में लिया गया था। पुलिस ने बताया कि 20 साल के छात्र वरुण मनीष छेड़ा का शव परड्यू यूनिवर्सिटी के मैक्चियॉन हॉल में पाया गया। वरुण मनीष इंडियानापोलिस में रहता था।