ग्रीनलैंड को लेकर एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपना नजरिया पेश किया है। उन्होंने सोशल ट्रुथ पर पोस्ट कर नाटो देशों को भी सुना दिया है और उन्हें बता दिया है कि अमेरिका को ग्रीनलैड चाहिए, इसे पाने में वे अमेरिका की मदद करें।

डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ग्रीनलैंड पर कंट्रोल हासिल करने के अपने बयान पर फिर से जोर देते हुए कहा कि अमेरिका को “राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए इस द्वीप की उन्हें आवश्यकता है।”

रूस या चीन इसे हासिल कर लेंगे- ट्रंप

ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने दावा किया, “नाटो को इसे हासिल करने में हमारी मदद करनी चाहिए और अगर हम ऐसा नहीं करते हैं, तो रूस या चीन इसे हासिल कर लेंगे और ये नहीं होने वाला है।”

अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी बुधवार को व्हाइट हाउस में डेनमार्क और ग्रीनलैंड के नेताओं की उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ होने वाली वार्ता से कुछ घंटे पहले आई।

‘अमेरिका को ग्रीनलैंड की आवश्यकता’

सोशल ट्रुथ पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “अमेरिका को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ग्रीनलैंड की आवश्यकता है। यह अमेरिका के बनाए गए गोल्डन डोम (एयर डिफेंस सिस्टम) के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। नाटो को इसे हासिल करने में आगे आना चाहिए। यदि हम ऐसा नहीं करते हैं तो रूस या चीन इसे हासिल कर लेंगे और ये नहीं होने वाला है। सैन्य दृष्टि से अमेरिका की विशाल शक्ति के बिना, जिसका अधिकांश हिस्सा मैंने अपने पहले कार्यकाल के दौरान बनाया और जिसे अब मैं एक नए और उच्च स्तर पर ले जा रहा हूँ। अमेरिका के बिना नाटो एक प्रभावी शक्ति नहीं होगा – बिलकुल भी नहीं! वे यह जानते हैं, और मैं भी। ग्रीनलैंड के अमेरिका के हाथों में होने से नाटो कहीं अधिक शक्तिशाली और प्रभावी बन जाएगा। इससे कम कुछ भी अस्वीकार्य है।”

फ्रांस के राष्ट्रपति ने दिया था ये बयान

इससे पहले, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर कहा था कि यदि किसी यूरोपीय देश और सहयोगी की संप्रभुता प्रभावित होती है, तो इसके परिणाम अभूतपूर्व हो सकता है। इमैनुएल मैक्रों ने आगे कहा, “हम ग्रीनलैंड पर दिए गए बयानों को कम करके नहीं आंकते।”

जेडी वैंस से मिलेंगे डेनमार्क और ग्रीनलैंड के विदेश मंत्री

डेनमार्क और ग्रीनलैंड के विदेश मंत्री व्हाइट हाउस में उपराष्ट्रपति जेडी वैंस से मिलने वाले हैं। यह मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप के ग्रीनलैंड पर नियंत्रण करने की हफ्तों पुरानी धमकियों के बाद हो रही है। बता दें कि ग्रीनलैंड, डेनमार्क का एक स्वायत्त क्षेत्र है।

ग्रीनलैंड और डेनमार्क के नेताओं ने डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर अपने रुख को दोहराया है कि यह द्वीप बिक्री के लिए नहीं है और बल प्रयोग की धमकियां गैरजिम्मेदाराना हैं। सुरक्षा संबंधी चिंताओं का समाधान सहयोगियों के बीच बातचीत के माध्यम से होना चाहिए। यूरोपीय संघ के प्रमुख देशों ने डेनमार्क के रुख का समर्थन किया है।

यह भी पढ़ें: ग्रीनलैंड: आसानी से अमेरिका के हाथ नहीं आएगी दुर्लभ संपदा