अमेरिका के फ्लोरिडा में मास शूटिंग की घटना सामने आई है। जैक्सनविले में एक डॉलर जनरल स्टोर में शनिवार को दोपहर को एक सनकी ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। उस फायरिंग तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी बात ये रही कि आरोपी शख्स ने सभी को मारने के बाद खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
अश्वेत लोगों को बनाया निशाना
बताया जा रहा है कि आरोपी एक श्वेत व्यक्ति था जिसे अश्वेत लोगों से समस्या थी। इसी वजह से जब उसने फायरिंग की, तब सिर्फ अश्वेत यानी कि काले लोगों को ही निशाना बनाया गया। उसकी फायरिंग में दो पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। आरोपी ने बाद में खुद को भी गोली से उड़ा दिया। अब ये कोई पहली बार नहीं है जब अमेरिका में इस तरह से नस्ली विवाद देखने को मिला हो। मास शूटिंग भी अमेरिका में काफी आम मान जाती है।
कानून तो है, अमल कब तक होगा?
बच्चों से लेकर बूढ़ों तक को निशाना बनाया गया है। फ्लोरिडा में तो पहले भी सनकी आरोपियों ने स्कूल तक को निशाना बनाया है। मासूम बच्चों को भी गोलियों से भूना गया है। गन कल्चर के खिलाफ कई सख्त कानून लाए गए हैं, लेकिन जमीन पर उसका कुछ खास प्रभाव नहीं दिखता। जानकारी के लिए बता दें कि इस साल मार्च में बंदूक के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने से संबंधित एक नए कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत बंदूक की बिक्री के दौरान की जाने वाली ‘पृष्ठभूमि जांच’ को बेहतर बनाने की बात हुई थी। इसके जरिए बाइडेन ने मंत्रिमंडल को बंदूक हिंसा से जूझ रहे समुदायों के समर्थन के लिए एक बेहतर सरकारी तंत्र बनाने का निर्देश दिया था।
अब इस बात को भी कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन गन कल्चर ने जमीन पर स्थिति को विस्फोटक बना रखा है, कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। उसी कड़ी में फ्लोरिडा में इस वारदात को अंजाम दिया गया है।