पूरी दुनिया में संतो को सम्मान की नजरों से देखा जाता है। ऐसा माना जाता है कि वह ब्रह्मचर्य का पालन करते हैं। लेकिन कुछ समुदाय के रीति-रिवाज अलग होते हैं। जब हमें इनके बारे में पता चलता है तो हम सभी हैरान रह जाते हैं। ऐसी ही एक जानकारी अफ्रीकी देश घाना से आई है। घाना में एक 63 साल के धार्मिक नेता ने 12 साल की एक लड़की से शादी कर ली। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।

नुंगुआ समुदाय घाना में रहता है। उनके रीति-रिवाज अनोखे हैं। दो दिन पहले उनके धार्मिक नेता नुउमो बोरकेते लावेह त्सुरु ने अपने ही समुदाय की 12 साल की लड़की से शादी की। यहां पर भी शादी करने की न्यूनतम उम्र 18 साल है। इस शादी में समुदाय के कई लोग इकट्ठा हुए। कई लोग लड़की को पत्नी के रूप में कर्तव्य के गुण सिखाते हुए भी नजर आए। इसके साथ ही, घाना के कई लोगों ने नाराजगी जाहिर की है।

सोशल मीडिया पर दी प्रतिक्रियाएं

इस वीडियो और फोटो के वायरल होने के बाद घाना के एक व्यक्ति ने फेसबुक पर लिखा कि घाना में बाल विवाह को जुर्म माना गया है और ऐसा कोई भी संस्कार नहीं मनाया जाना चाहिए जो किसी लड़की के अधिकारों को उल्लघंन करता है। वहीं, एक दूसरे व्यक्ति ने कमेंट करते हुए कहा कि इस देश में बहुत सारी चीजें गलत हैं। उसने कहा कि 12 साल की लड़की पत्नी कैसे बनेगी। यह एक मजाक है।

समुदाय की तरफ से दिया गया ये बयान

शादी के बाद समुदाय की तरफ से एक बयान सामने आया है। समुदाय के नेता एनआईआई बोर्टे कोफी फ्रैंकवा द्वितीय ने कहा कि धार्मिक नेता की आलोचना केवल धार्मिक अज्ञानता की वजह से हो रही है। यह शादी रिवाज और परंपरा के मुताबिक हुई है। समुदाय ने यह भी कहा कि यह लड़की 6 साल की उम्र से ही पुजारी को पति के रूप में पाने के लिए तपस्या कर रही थी। इससे उसकी पढ़ाई बिल्कुल नहीं रुकी। ना ही उसके दैनिक जीवन पर कोई भी असर पड़ा। उसे पूरे रीति रिवाज के तहत पत्नी बनाया गया है। श्री त्सुरु नुंगुआ समुदाय के सबसे बड़े धार्मिक नेता हैं। वे हमारे समुदाय की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करते हैं।

घाना सरकार ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

वहीं, बता दें कि घाना सरकार की तरफ से अभी कोई भी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विवाह के लिए कानूनी न्यूनतम आयु 18 साल है। यहां पर कुछ क्षेत्रों और समुदायों में ऐसी शादियां अभी भी जारी हैं।