पाकिस्तान में मॉनसून की भारी बारिश के कारण आई विनाशकारी बाढ़ में कम से कम 151 लोगों की मौत हो गयी और देश भर में आठ लाख से अधिक लोग इससे प्रभावित हुए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नदियों में जल स्तर बढ़ने के कारण पानी से घिरे लोगों तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले माह शुरू हुई भारी बारिश अब भी देश के विभिन्न हिस्सों में जारी है।
नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीएमए) के अनुसार खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत में 77, पंजाब में 32, पाकिस्तान के नियंत्रण वाले कश्मीर में 22, ब्लूचिस्तान में 13 और गिलगित बाल्टिस्तान में सात लोगों की मौत हो गयी।
वर्षा और बाढ़ से संबंधित घटनाओं में 101 अन्य लोग घायल हो गये। साथ ही कम से कम 4,517 मकान क्षतिग्रस्त हो गये। सेना और स्थानीय निकायों के कर्मचारियों ने अब तक 800,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
पाकिस्तान सरकार ने 481 राहत शिविरों और 150 चिकित्सा शिविरों की स्थापना की है। पाकिस्तान में पिछले साल मॉनसून के दौरान करीब 400 लोगों की जान गयी थी जबकि हजारों एकड़ जमीन में खड़ी फसल बाढ़ में डूब गई थी।