युवाओं को इतना बेवकूफ तो फेयर लवली ने भी नहीं बनाया जितना चुनाव के वक्त राजनीतिक पार्टियों ने घोषणा पत्र के नाम पर बनाया है। लेकिन अपने आपको चाल-चरित्र और चलन की पार्टी कहने वाली भाजपा घोषणा पत्र जारी नहीं करती। जनता को मूर्ख बनाने के लिए भाजपा के नेता संकल्प पत्र जारी करते हैं। भाजपा ने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र में ठीक उसी तरह बदला जिस तरह से गंगाधर शक्तिमान के रूप में बदल गया। आज केजरीवाल के शहर और देश की राजधानी दिल्ली में भाजपा ने संकल्प पत्र जारी किया। तमाम वादे किए गए। बस भाजपा वालों ने दिल्ली को लंदन बनाने की घोषणा नहीं की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि अगर वो एमसीडी चुनाव में जीतते हैं तो हर घर से उठवाएंगे कूड़ा। साथ ही किसी को कूड़ा नहीं फेंकने देंगे। भाजपा का ये घोषणा पत्र सुबह लोटा लेकर जाने वालों के लिए बुरी खबर हो सकती है। दिल्ली में जो लोग सुबह लोटा लेकर हल्का होने जाते हैं उनके बारे में साफ कहा गया है कि जल्द ही एक नया विभाग बनाया जाएगा जो जिसका मुख्य काम सुबह लोटा और बोतल छीनना होगा।
घोषणा पत्र में दिल्ली वालों को खुश करने के लिए भाजपा ने इंटरनेट फ्री देने की घोषणा नहीं की। इसका मतलब है कि जियो इस्तेमाल करने वालों को अभी भी अंबानी के आगे उसी तरह से हाथ जोड़ने पड़ेंगे जिस तरह से नेता वोट मांगने के लिए जनता के सामने जोड़ते हैं।
दिल्ली में रायता फैलाने वालों के लिए भी भाजपा एक नया विभाग बनाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य होगा, रायता फैलाने वालों को दूध ना दिया जाए। इस घोषणा के साथ दिल्ली में कई नौकरियां मिलेंगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि वो मोदी जी के सपने को साकार बनाने के लिए काम कर रहे हैं। मोदी जी चाहते हैं कि देश में सबको नौकरी मिले। इसके अलावा दिल्ली में लाखों लोगों को दूसरे विभागों के लिए भी भर्ती किया जाएगा। जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।
(यह खबर आपको हंसने-हंसाने के लिए कोरी कल्पना के आधार पर लिखी गई है। इस खबर में कोई सच्चाई नहीं है इसे सीरियसली नहीं लें।)